हिज़्बुल्लाह के उप महासचिव शेख़ नईम क़ासिम ने कहा है कि इस्राईल और अमेरिका की धमकियाँ बेकार और समय की बर्बादी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिज़्बुल्लाह को निशस्त्रीकरण करने की मांग, दरअसल लेबनान को कमजोर करने की साज़िश है, जो किसी भी हाल में सफल नहीं होगी।
शेख़ नईम क़ासिम ने कहा कि दुनिया की तमाम शक्तियों के समर्थन के बावजूद इस्राईल अपने लक्ष्यों को हासिल नहीं कर सका और भविष्य में भी सफल नहीं होगा। उन्होंने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह लेबनान और पूरे क्षेत्र में हस्तक्षेप कर नरसंहार और जनसंहार की अगुवाई कर रहा है, और उसका असली उद्देश्य मध्यपूर्व में अपने विस्तारवादी एजेंडे को लागू करना है।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि लेबनान को मज़बूत, सम्मानित, स्वतंत्र और स्वाभिमानी रहना चाहिए। इस्राईल लेबनान के साथ किसी शांति या संघर्ष समाप्ति समझौते का इच्छुक नहीं है। जो लोग यह सोचते हैं कि हिज़्बुल्लाह को निशस्त्र करने से समस्या हल हो जाएगी, वह ग़लत हैं, क्योंकि हिज़्बुल्लाह का हथियार लेबनान की शक्ति का प्रतीक है, और इस्राईल नहीं चाहता कि लेबनान मज़बूत हो।
शेख़ नईम क़ासिम ने कहा कि कोई नया घटनाक्रम नहीं हुआ है, बस अब अमेरिका राजनीतिक तरीक़े से वही हासिल करना चाहता है जो इस्राईल युद्ध से हासिल नहीं कर सका।
उन्होंने कहा कि धमकियों का कोई असर नहीं होने वाला, और अगर कोई समझौता लागू किया जाता है, तो लेबनान भी उस पर अमल करेगा। उन्होंने कहा कि सभी दबाव और राजनीतिक प्रयास समय की बर्बादी हैं।
अमेरिका को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लेबनान को धमकाकर उसकी ताक़त छीनने और उसे ‘ग्रेटर इस्राईल’ का हिस्सा बनाने की कोशिश अस्वीकार्य है। लेबनान में स्थिरता तभी संभव है जब इस्राईल को नियंत्रित किया जाए।”
लेबनानी अधिकारियों से उन्होंने कहा कि “आप देश की संप्रभुता के ज़िम्मेदार हैं, उसकी रक्षा के लिए व्यावहारिक कदम उठाइए। आप पुनर्निर्माण के भी ज़िम्मेदार हैं, तुरंत कार्यवाही कीजिए।”
उन्होंने लेबनान के सेंट्रल बैंक प्रमुख की आलोचना करते हुए कहा कि “वह अमेरिका का कर्मचारी नहीं है जो नागरिकों को आर्थिक कठिनाइयों में डाले और उन पर प्रतिबंध लगाए। सरकार को चाहिए कि उसके रास्ते को रोके।
उन्होंने कहा कि “क़ानून मंत्री भी अमेरिका या इस्राईल का प्रतिनिधि नहीं है। उसे नागरिकों के आर्थिक मामलों में दख़ल देना बंद करना चाहिए। क्या लेबनान कोई अमेरिकी जेल है? क्या क़ानून मंत्री या सेंट्रल बैंक प्रमुख अमेरिकी सरकार के कर्मचारी हैं?”
 
             
             
                                         
                                         
                                         
                                        
आपकी टिप्पणी