9 मई 2024 - 09:40
ब्राज़ील में बारिश और बाढ़ का क़हर, 100 से ज़्यादा की मौत, लाखों घर तबाह

ब्राजील की सिविल डिफेंस एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, बाढ़-बारिश के चलते अब तक 99,800 घर आंशिक या पूर्ण रूप से तबाह हो चुके हैं।

प्राकृतिक आपदा के क़हर से जूझ रहे ब्राज़ील में कम से कम 100 लोगों की भारी बारिश और बाढ़ के कारण मौत हो गयी जबकि 1 लाख से अधिक घर तबाह हो गए हैं।

ब्राजील के दक्षिण में स्थित रियो ग्रेनेड डो सुल राज्य में बीते एक हफ्ते से ज्यादा समय से भारी बारिश के चलते बाढ़ आई हुई है। इस बाढ़ के चलते करीब 100 लोगों की मौत की खबर है। बाढ़ से साढ़े 14 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। दो लाख लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है।

ब्राजील की सिविल डिफेंस एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, बाढ़-बारिश के चलते अब तक 99,800 घर आंशिक या पूर्ण रूप से तबाह हो चुके हैं।

अर्जेंटीना और उरुग्वे के बॉर्डर पर स्थित यह राज्य रियो ग्रेनेड डो सुल बारिश और बाढ़ के साथ ही तूफानों से भी जूझ रहा है। यहाँ बीती 29 अप्रैल से ही भारी बारिश का दौर चल रहा है जिसके चलते राज्य के 497 शहरों में से 414 बाढ़ से जूझ रहे हैं। यह राज्य ब्राजील का कृषि और पशुपालन करने वाला शीर्ष राज्य है।