AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ابنا
बुधवार

23 अगस्त 2023

4:06:21 pm
1388839

चंद्रयान-3 की सफ़ल लैंडिंग, भारत ने रचा इतिहास, राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई।

चंद्रयान-3 आज शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद के साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही इतिहास रच दिया। इसके साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया।

चंद्रयान-3 मिशन के जरिए भारत ने आज इतिहास रच दिया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (Indian Space Research Organization) के चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल सफलता पूर्वक चंद्रमा की सतह पर उतर गया. लैंडर विक्रम (Lander Vikram) और रोवर प्रज्ञान से युक्त लैंडर मॉड्यूल ने शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की और इतिहास रच दिया।

इस सफलता के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया. इसके साथ ही भारत अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग' करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया. चंद्रमा की सतह पर अमेरिका, पूर्व सोवियत संघ और चीन ‘सॉफ्ट लैंडिंग' कर चुके हैं, हालांकि इनमें से कोई भी देश ऐसा नहीं है जिसकी ‘सॉफ्ट लैंडिंग' चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में हुई है। चंद्रयान-3 के लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग में 15 से 17 मिनट लगे। चंद्रयान 3 को 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2.30 बजे लॉन्च किया गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चंद्रयान-3 की सफल 'सॉफ्ट लैंडिंग' पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और मिशन में शामिल सभी लोगों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि यह एक अविस्मरणीय क्षण है तथा वैज्ञानिकों ने इतिहास रचकर भारत को गौरवान्वित किया है. चंद्रयान की सफल लैंडिंग देखने के बाद अपने वीडियो संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, "चंद्रयान-3 की 'सॉफ्ट लैंडिंग' एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह एक ऐसी घटना है जो जीवनकाल में एक बार होती है।"

उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर 'लैंडिंग' के साथ ही वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है और भारत को गौरवान्वित किया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "मैं इसरो, चंद्रयान-3 मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देती हूं तथा उन्हें आगे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।"