ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच ईरान के कई इलाकों में अमेरिकी हमलों की खबर सामने आई है। इन हमलों में बंदर अब्बास के रिहायशी इलाके समेत कई जगहों को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है।
हुर्मोज़गान चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के मुताबिक, बंदर अब्बास के तप्पे अल्लाहु अकबर इलाके में हुए हमले में 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 7 लोग तेज धमाके की वजह से प्रभावित हुए, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर चोट लगी और उसकी हड्डी टूट गई। अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में एक नागरिक की मौत हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, हुर्मोज़गान प्रांत के बंदर ख़मीर इलाके में कहूरिस्तान पुल को भी निशाना बनाया गया। यह पुल बंदर अब्बास और लार शहर के बीच एक महत्वपूर्ण रास्ता है।
हमले के बाद बंदर अब्बास–ख़मीर–लार हाईवे को बंद कर दिया गया है। प्रशासन वैकल्पिक रास्ता तैयार करने में जुटा है ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कहूरिस्तान पुल के अलावा गरीवेह पुल को भी नुकसान पहुंचा है। राहत और चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों में 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित इलाकों और बंद सड़कों से दूर रहें और राहत टीमों के काम में बाधा न डालें।
ईरानी अधिकारियों के अनुसार, ईरानशहर एयरपोर्ट के पास अमेरिकी मिसाइलें गिरने की खबर है। हालांकि अभी तक वहां किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसके अलावा हुर्मोज़गान प्रांत के सीरिक इलाके के आसपास भी मिसाइल गिरने की जानकारी दी गई है।
ख़ोज़िस्तान प्रांत के उप-गवर्नर ने बताया कि बुस्तान शहर के आसपास एक जगह पर भी अमेरिकी हमला हुआ है।
फिलहाल ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा हालात पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।
आपकी टिप्पणी