27 जुलाई 2026 - 18:45
रियाज़ का दावा, इराक से किए गए ड्रोन हमले, जवाब का अधिकार सुरक्षित 

अगर भविष्य में भी इस तरह के हमले जारी रहते हैं, तो सऊदी अरब जवाब देने के लिए उचित समय और स्थान चुनने का अधिकार सुरक्षित रखता है

रियाज़ : सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने इराक की दिशा से आने वाले कई ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया है। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, इन ड्रोन का उद्देश्य देश के पूर्वी क्षेत्र (अश-शरकिया) और राजधानी रियाज़ में स्थित महत्वपूर्ण तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना था।

सऊदी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में आरोप लगाया कि ये ड्रोन हमले इराक की धरती से किए गए और इनके पीछे ईरान समर्थित सशस्त्र समूहों का हाथ था। मंत्रालय ने इसे “आतंकवादी कार्रवाई” बताते हुए कहा कि सऊदी अरब अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का अधिकार रखता है।

बयान में कहा गया कि अगर भविष्य में भी इस तरह के हमले जारी रहते हैं, तो सऊदी अरब जवाब देने के लिए उचित समय और स्थान चुनने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

वहीं, सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने भी कथित ड्रोन हमलों की निंदा की। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि इराक में मौजूद ईरान समर्थित समूहों द्वारा किए गए ये हमले क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। सऊदी विदेश मंत्रालय ने इराक सरकार से अपील की कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी देश पर हमले के लिए न होने दे और हमलावर समूहों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करे।

हालांकि, सऊदी अरब के इन आरोपों पर अभी तक इराक सरकार या संबंधित संगठनों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि खाड़ी क्षेत्र में पहले भी ड्रोन और मिसाइल हमलों को लेकर सऊदी अरब और ईरान समर्थित समूहों के बीच आरोप-प्रत्यारोप होते रहे हैं। तेल प्रतिष्ठानों पर होने वाले हमले वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए भी चिंता का विषय बनते हैं, क्योंकि सऊदी अरब दुनिया के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में शामिल है।

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
टिप्पणीसंकेत
captcha