24 जून 2023 - 11:37
अमेरिका यात्रा के अंतिम दिन मोदी ने भारतीय प्रवासियों का जीता दिल, भारत की प्रगति मुख्य कारक भारत के लोगों का आत्मविश्वास

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी अमेरिकी यात्रा के आख़िर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। वाशिंगटन डीसी में रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन 3 दिनों में भारत-अमेरिका के पारसपरिक रिश्तों की एक नई यात्रा प्रारंभ हुई है। भारत का सामर्थ्य आज पूरे विश्व के विकास को दिशा दे रहा है। भारत में हो रही प्रगति का सबसे बड़ा कारण है- भारत का आत्मविश्वास, भारत के लोगों का आत्मविश्वास है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन दिवसीय अमेरिका की यात्रा समाप्त करके मिस्र पहुंच चुके हैं। वहीं उन्होंने अपनी अमेरिका की यात्रा के अंतिम दिन भारतीय प्रवासियों से मुलाक़ात की। इस मौक़े पर भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप लोगों ने इस हॉल में एक प्रकार से भारत का फुल मैप बना दिया है। हिंदुस्तान के हर कोने के लोग मुझे यहां नज़र आ रहे हैं। आप यहां दूर-दूर से आए हैं, ऐसा लग रहा है जैसे मिनी इंडिया उबरा है। अमेरिका में एक भारत श्रेष्ट भारत की इतनी सुंदर तस्वीर दिखाने के लिए मैं आप सभी को हृदय से बहुत बहुत बधाई देता हूं। अमेरिका की यात्रा का अनुभव साझा करते हुए मोदी ने कहा कि इन 3 दिनों में भारत-अमेरिका के पारसपरिक रिश्तों की एक नई यात्रा प्रारंभ हुई है। यह नई यात्रा ग्लोबल स्ट्रैटेजिक इशूज़ पर हमारे कन्वर्जन की है। यह नई यात्रा मेक इन इंडिया-मेक फॉर द वर्ल्ड, उसे लेकर हमारे कोऑपरेशन की है। दोनों देश एक बेहतर मज़बूत देश की ओर क़दम बढ़ा रहे हैं। फाइटर इंजन प्लेन बनाने का फ़ैसला भारत के डिफेंस सेक्टर के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। इस समझौते से अमेरिका म्यूचुअल ट्रस्ट को भी शेयर करेगा।

भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एप्लाइड मैटेरियल द्वारा भारत में सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट के लिए 400 मिलियन डॉलर का निवेश भारत में सेमीकंडक्टर उत्पाद का पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में मदद करेगा। गूगल भी भारत में अपना ग्लोबल फिनटेक सेंटर खोलने जा रहा है। बोइंग ने भी भारत में 100 बिलियन डॉलर के निवेश का ऐलान किया है। उन्‍होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान माइक्रोन, गूगल, एप्लाइड मैटेरियल जैसी दिग्गज कंपनियों ने भी भारत में निवेश की घोषणा की है। माइक्रोन द्वारा सेमीकंडक्टर सेक्टर में 2.5 बिलियन डॉलर का निवेश भारत को वर्ल्ड सेमीकंडक्टर चैन से जोड़ने वाला है। हमारे बीच हुए सभी समझौते सिर्फ कुछ नीतियों को आगे बढ़ाने मात्र नहीं है। यह भारत-अमेरिका के करोड़ों लोगों के भाग्य को नई ऊंचाई देने का काम हुआ है। हम साथ मिलकर न केवल नीतियां और समझौते बना रहे हैं, हम जीवन, सपनों और नियति को आकार दे रहे हैं। प्रधामंत्री मोदी ने कहा, "भारत का सामर्थ्य आज पूरे विश्व के विकास को दिशा दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में हो रही प्रगति का सबसे बड़ा कारण है- भारत का आत्मविश्वास, भारत के लोगों का आत्मविश्वास। सैकड़ों वर्षों की ग़ुलामी ने यह आत्मविश्वास हमसे छीन लिया था, आज जो नया भारत हमारे सामने है, उसमें वो आत्मविश्वास लौट आया है। यह वह भारत है, जिसे अपना रास्ता पता है, दिशा पता है। यह वह भारत है, जिसे अपने निर्णयों, अपने संकल्पों पर कोई कंफ्यूज़न नहीं है। यह वह भारत है, जो अपने पोटेंशियल को परफॉर्मेंस में बदल रहा है।" (RZ)

342/