AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ابنا
मंगलवार

12 सितंबर 2023

4:28:21 pm
1393221

लीबिया में बाढ़ के कारण दो हज़ार लोगों की मौत की आशंका, ईरानी राष्ट्रपति ने दिया शोक संदेश।

लीबिया की प्रतिद्वंद्वी सरकारों में से एक के प्रमुख ने सोमवार को कहा कि उत्तरी अफ़्रीक़ी देश के पूर्वी हिस्सों में आई बाढ़ के कारण दो हज़ार लोगों की मौत की आशंका है।

  अल-मसार’ टीवी चैनल को फ़ोन के ज़रिए दिये इंटरव्यू में लीबिया के प्रधानमंत्री ओसामा हमाद ने कहा कि पूर्वी शहर डर्ना में दो हज़ार लोगों के मरने की आशंका है और हज़ारों अन्य लापता बताए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सोमवार को तीन दिन के शोक की घोषणा की और देशभर में झंडों को आधा झुकाने का आदेश दिया। उन्होंने बताया कि विनाशकारी तूफ़ान डेनियल के बाद आई बाढ़ ने डर्ना में भारी तबाही मचाई है। इसके बाद इस शहर को आपदा क्षेत्र घोषित किया गया है। पूर्वी लीबिया सरकार के स्वास्थ्य मंत्री उसमान अब्दुल जलील ने एक अन्य टीवी चैनल को टेलीफोन पर दिये साक्षात्कार में सोमवार दोपहर को मरने वालों की संख्या की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कम से कम 50 लोग लापता हैं। अब्दुल जलील ने बताया कि मृतकों की इस संख्या में आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किये गए डर्ना शहर की संख्या शामिल नहीं है। यहां सोमवार दोपहर तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। इस बीच इस्लामी गणराज्य ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने तुफ़ान और बाढ़ के कारण मरने वालों, घायल होने वालों और लापता होने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की ही। लीबिया की राष्ट्रीय एकता सरकार के प्रधानमंत्री "अब्दुल हमीद अल-दबीबा" के नाम राष्ट्रपति रईसी द्वारा दिए गए संदेश में यह कहा गया है कि इस्लामी गणराज्य ईरान की सरकार प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की मदद करने और चिकित्सा, दवा और अन्य आवश्यक आवश्यकताएं भेजने के लिए अपनी तत्परता की घोषणा करती है।

  डर्ना शहर के मुख्य चिकित्सा केंद्र ने कहा कि मृतकों में पूर्वी शहर बायदा के 12 लोग शामिल हैं। एम्बुलेंस और आपातकालीन प्राधिकरण के अनुसार, पूर्वोत्तर लीबिया के तटीय शहर सुसा में सात अन्य लोगों की मौत होने की सूचना है। मंत्री ने बताया कि शाहट्ट और उमर अल-मुख़्तार क़स्बों में सात अन्य लोगों के मारे जाने की ख़बर है। रविवार को एक अन्य व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई। पूर्वी लीबिया में सरकार की ओर से संचालित आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसी के प्रवक्ता वलीद अल-अरफ़ी के मुताबिक़, वह व्यक्ति अपनी कार में था और पूर्वी शहर मार्ज में बाढ़ में फंस गया था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बाढ़ में दर्जनों अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है तथा अधिकारियों को बाढ़ में उनके मारे जाने की आशंका है। बाढ़ की वजह से पूर्वी लीबिया के कई शहरों में घर और अन्य संपत्तियां नष्ट हो गयी हैं। सरकार ने शनिवार को आपात स्थिति की घोषणा की थी और रात में आए तूफ़ान से पहले एहतियातन शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया। पश्चिम मिस्र के कुछ हिस्सों में सोमवार को तूफ़ान आने की आशंका है और देश के मौसम अधिकारियों ने संभावित बारिश और ख़राब मौसम की चेतावनी दी है।