29 मार्च 2019 - 18:03
ईरानी राजदूतः आतंकियों से इस्राईल का एलायंस है

संयुक्त राष्ट्र संघ में इस्लामी गणतंत्र ईरान के राजदूत इसहाक़ आले हबीब का कहना है कि आतंकवाद से मुक़ाबला करना है तो इसके कारणों को दूर करना ज़रूरी है।

गुरुवार की रात आतंकवाद से संघर्ष के विषय पर आयोजित सुरक्षा परिषद की बैठक में बोलते हुए इसहाक़ आले हबीब ने कहा कि विदेशी क़ब्ज़े के बाद अतिग्रहणकारी शक्तियां आतंकियों से गठजोड़ करती हैं इसका उदाहरण अतिग्रहणकारी इस्राईली सरकार है जिसने सीरिया में लड़ने वाले आतंकियों से गठजोड़ कर रखा है।

इसहाक़ आले हबीब ने कहा कि आतंकवाद एक अंतर्राष्ट्रीय समस्या है और इसके लिए समग्र समाधान और रोकथाम की ज़रूरत है।

संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के राजदूत ने आतंकी हमलों में 17 हज़ार ईरानियों की शहादत का हवाला देते हुए कहा कि ईरान आतंकवाद से लड़ने का दृढ़ संकल्प रखता है। उन्होंने आतंकियों की वित्तीय मदद का रास्ता रोकने के लिए ईरान की ओर से की गई कार्यवाहियों का उल्लेख किया।

आले हबीब ने पिछले वर्षों में सीरिया और इराक़ में आतंकी संगठनों को तेल और पुरातत्वों को बेचकर होने वाली भारी आय का हवाला दिया और कहा कि इन उदाहरणों से पता चलता है कि कुछ देश आतंकियों की वित्तीय सहायता बंद करने का इरादा ही नहीं रखते। उन्होंने कहा कि कुछ देश आतंकवाद से लड़ने के नाम पर अपने राजनैतिक स्वार्थ हासिल करने की कोशिश में लगे हुए हैं।