गाजा: गाजा पट्टी में युद्धविराम के उल्लंघन और ज़ायोनी सेना के हवाई व तोपखाने से किए गए हमलों में 8 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। मरने वालों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं। इन हमलों में कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
फिलिस्तीन सूचना केंद्र के अनुसार गाजा के अलग-अलग इलाकों में ज़ायोनी हमले जारी हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गाजा शहर के दक्षिणी इलाके सबरा में एक घर पर हमला किया गया। इसमें एक बच्चे और एक महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए।
वहीं, गाजा शहर के दक्षिण-पश्चिम में जॉर्डन के फील्ड अस्पताल के पास एक कार पर ड्रोन हमला किया गया। इस हमले में दो फिलिस्तीनियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए।
इसके अलावा, देर अल-बलाह, खान यूनिस और गाजा शहर के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में भी हमले हुए, जिनमें कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबर है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ज़ायोनी सेना के तोपखाने और सैन्य वाहनों ने गाजा, खान यूनिस और जबालिया के कई इलाकों को निशाना बनाया। खान यूनिस में दो घरों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
फिलिस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 10 अक्टूबर से लागू युद्धविराम शुरू होने के बाद से अब तक 1,471 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है, जबकि 5,189 लोग घायल हुए हैं।
वहीं, 7 अक्टूबर 2023 से गाजा पर शुरू हुए ज़ायोनी हमलों में मरने वाले फिलिस्तीनियों की कुल संख्या बढ़कर 74,254 हो गई है।
आपकी टिप्पणी