4 अगस्त 2014 - 19:24
नूरी मालेकी ने पीशमर्गा बलों के समर्थन का आदेश दिया।

इराक़ के प्रधानमंत्री ने इस देश की वायुसेना को आदेश दिया है कि वह उत्तरी इराक़ में पीशमर्गा बलों का पूरा समर्थन करे।

अबनाः इराक़ के प्रधानमंत्री ने इस देश की वायुसेना को आदेश दिया है कि वह उत्तरी इराक़ में पीशमर्गा बलों का पूरा समर्थन करे।
नूरी मालेकी ने सोमवार को इराक़ की वायुसेना को आदेश दिया है कि वह आतंकवादी गुट दाइश के मुक़ाबले में पीशमर्गा बलों के साथ पूरा सहयोग करे। इराक़ की सेना के प्रवक्ता ने बताया है कि प्रधानमंत्री के आदेश को वायुसेना तक पहुंचा दिया गया है।
पीशमर्गा सैन्यबल नैनवा, सलाहुद्दीन और दियाला प्रांतों में दाइश के साथ मुक़ाबले के लिए तैनात हैं। यह आतंकवादी गुट अंबार सहित इन प्रांतों में सक्रिय है।
इसी बीच ख़बर मिली है कि इराक़ के नैनवा प्रांत के संजार, ज़मार और मूसिल नगरों में ईज़दी समुदाय के लगभग 40000 लोगों की दाइश ने नाकेबंदी कर रखी है। यह लोग पहाड़ी क्षेत्रों में फंस गए हैं और उनके पास खाने-पीने की चीज़ें भी नहीं हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से दस या बारह लोग खाना और पानी न मिलने के कारण पहाड़ों में मर चुके हैं।
दाइश के आतंकवादी संजार शहर पर कंट्रोल करके वहां की बैंकों को लूट रहे हैं। इसी बीच संयुक्त राष्ट्रसंघ ने उत्तरी इराक़ में कम से कम दो लाख ऐसे लोगों के बेघर होने की सूचना दी है जिन्हें खाना और पानी जैसी ज़रूरी चीज़ों की आवश्यकता है।