इस्राईली अखबार हारेत्ज़ ने ज़ायोनी शासन की पुलिस व्यवस्था में गहरे संकट और कर्मचारियों की भारी कमी की बात स्वीकार की है।
अखबार ने वरिष्ठ इस्राईली अधिकारियों के हवाले से बताया कि आंतरिक सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्वीर और पुलिस प्रमुख डैनी लेवी के बीच मतभेद लगातार बढ़ रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, बेन ग्वीर ने पुलिस के 185 पदों पर नई नियुक्तियों को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। इनमें कई महत्वपूर्ण पद भी शामिल हैं। इस बीच, इस्राईली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि पुलिस का ढांचा बिखर सकता है।
हारेत्ज़ के मुताबिक, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अधिकारियों की भारी कमी के कारण मौजूदा स्थिति को बेहद गंभीर बताया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बीच आपसी टकराव और व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ बेन ग्वीर और लेवी के बीच विवाद ने पुलिस की कमान व्यवस्था में अंदरूनी दरारें और गहरी कर दी हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन लेवी इस बात पर अड़े हुए हैं कि वे बेन ग्वीर की मंजूरी के बिना ही नियुक्तियां करेंगे।
इस संकट का असर पुलिस के कामकाज पर भी पड़ रहा है। अमीर कोहेन की सेवानिवृत्ति के बाद पिछले एक महीने से केंद्रीय क्षेत्र बिना किसी कमांडर के है। बेन गुरियन हवाई अड्डे के क्षेत्र में भी अभियान संबंधी जिम्मेदारियां संभालने के लिए अधिकारी मौजूद नहीं हैं। तेल अवीव समेत दूसरे क्षेत्रों में भी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की भारी कमी बनी हुई है।
आपकी टिप्पणी