अमेरिका के बंदरगाहों और मालवाहक जहाजों पर साइबर हमलों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। ब्रिटिश अखबार फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर रोजाना हजारों बार अमेरिकी बंदरगाहों के कंप्यूटर सिस्टम में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। इन हमलों का मकसद दुनिया के व्यापार के लिए अहम समुद्री रास्तों और बंदरगाहों को निशाना बनाना है।
अखबार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पिछले कुछ महीनों में साइबर हमलों में काफी तेजी आई है। हैकर बंदरगाहों, तेल ले जाने वाले जहाजों और बड़ी शिपिंग कंपनियों के कंप्यूटर नेटवर्क को निशाना बना रहे हैं। इन हमलों से पुराने और कमजोर डिजिटल सिस्टम की खामियां भी सामने आ रही हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, टेक्सास स्थित कॉर्पस क्रिस्टी बंदरगाह पर रोजाना सैकड़ों से लेकर हजारों बार साइबर हमले की कोशिश की जा रही है। यह अमेरिका का कच्चे तेल का सबसे बड़ा निर्यात बंदरगाह है। यहां से हर दिन करीब 23 लाख बैरल कच्चा तेल दूसरे देशों को भेजा जाता है।
बंदरगाह के अधिकारियों का कहना है कि हैकर कंप्यूटर नेटवर्क में घुसने की कोशिश करते हैं। इसके अलावा वे कर्मचारियों को धोखा देकर उनसे सिस्टम तक पहुंच हासिल करने का प्रयास भी करते हैं।
साइबर हमलों में पासवर्ड का अनुमान लगाकर सिस्टम में घुसने, कंप्यूटर नेटवर्क को ठप करने और गोपनीय जानकारी चुराने या उसे मिटाने जैसी कोशिशें शामिल हैं।
फाइनेंशियल टाइम्स ने कहा कि हाल के हफ्तों में अमेरिका के कई दूसरे अहम डिजिटल सिस्टम में भी तकनीकी गड़बड़ियां सामने आई हैं। एक सप्ताह पहले हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली के ठप होने से लाखों यात्री प्रभावित हुए थे। सोमवार को जेपी मॉर्गन चेस बैंक के सिस्टम में सॉफ्टवेयर की खराबी के कारण बैंकिंग सेवाएं बाधित हुईं। इससे कुछ दिन पहले माइक्रोसॉफ्ट का आउटलुक ईमेल सिस्टम भी करीब 24 घंटे तक बंद रहा था।
हालांकि, इन घटनाओं को साइबर हमलों से जुड़ा नहीं बताया गया है। लेकिन अखबार का कहना है कि इन घटनाओं ने अमेरिका के अहम डिजिटल सिस्टम की कमजोरियों को उजागर किया है।
रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से विकास के कारण साइबर हमलों का खतरा और बढ़ सकता है। एआई की मदद से हैकर कंप्यूटर सिस्टम की कमजोरियों का पता पहले से कहीं ज्यादा तेजी से लगा सकते हैं और उनका फायदा उठा सकते हैं।
पिछले सप्ताह अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने भी चेतावनी दी थी कि हैकर साइबर हमलों को अपने आप अंजाम देने के लिए 'आर्टेक्स' नाम के एआई आधारित टूल का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कॉर्पस क्रिस्टी बंदरगाह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केंट ब्रिटन ने कहा कि बंदरगाह पर साइबर हमलों की कोशिशें बहुत बढ़ गई हैं। अब रोजाना सैकड़ों, बल्कि हजारों बार सिस्टम में घुसने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि इन हमलों के पीछे कुछ सरकारें और ऐसे संगठन हो सकते हैं, जिन्हें खतरनाक साइबर हमलावर माना जाता है। उनका मकसद महत्वपूर्ण और बड़े केंद्रों को निशाना बनाना है।
हालांकि, ब्रिटन ने किसी देश या संगठन का नाम बताने से इनकार कर दिया।
आपकी टिप्पणी