इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र के अधिकारियों ने केंद्र सरकार के साथ मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया है।
अल मयादीन की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि हशद अल-शाबी संगठन के प्रमुख फालेह अल-फय्याद ने इरबिल के दौरे के दौरान क्षेत्रीय अधिकारियों से मुलाकात की। इस बैठक में कुर्दिस्तान क्षेत्र और इराक की संघीय सरकार के बीच विवादित मुद्दों पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कहा कि सभी पक्षों के बीच इस बात पर पूरी सहमति है कि आपसी मतभेदों को बातचीत और समझौते के जरिए हल किया जाए।
हालांकि, अल मयादीन प्लस के सुलेमानिया स्थित संवाददाता से बातचीत में एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि कुर्दिस्तान क्षेत्र के अधिकारियों ने बगदाद के चार प्रस्तावों को खारिज कर दिया है।
सूत्र के अनुसार, बगदाद के पहले प्रस्ताव में कुर्दिस्तान क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर इराकी सेना की तैनाती की बात कही गई है। यह तैनाती पेशमर्गा बलों के साथ तालमेल से होनी थी।
दूसरे प्रस्ताव में ईरान और तुर्किये के साथ लगने वाली सीमा चौकियों का प्रबंधन एक निष्पक्ष अंतरराष्ट्रीय कंपनी को सौंपने की बात थी, ताकि व्यापार पर निगरानी रखी जा सके और तस्करी रोकी जा सके।
तीसरे प्रस्ताव के तहत कुछ इलाकों को विवादित क्षेत्रों की श्रेणी से बाहर करने की बात कही गई थी।
चौथे प्रस्ताव में कहा गया था कि संघीय सरकार उन तेल क्षेत्रों का नियंत्रण अपने हाथ में ले, जो 2003 से पहले कुर्दिस्तान क्षेत्र के नियंत्रण में नहीं थे। इसके साथ ही तेल क्षेत्र को संघीय सरकार की निगरानी और अधिकार में लाया जाए।
इससे एक दिन पहले खबरें आई थीं कि इराक की संघीय सरकार के बल कुर्दिस्तान क्षेत्र में लौटेंगे और तेल क्षेत्रों का नियंत्रण अपने हाथ में लेंगे। इसी सिलसिले में हशद अल-शाबी के प्रमुख फालेह अल-फय्याद ने इराकी कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रमुख मसूद बरजानी को बताया था कि संघीय बल ग्रीन लाइन तक विभिन्न क्षेत्रों का नियंत्रण संभालेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, इराकी संघीय बल पड़ोसी देशों के साथ लगने वाली सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इन बलों की करमोर और खोरमाला तेल क्षेत्रों में तैनाती की भी योजना है। उनकी तैनाती का क्षेत्र सुलेमानिया के कलार से लेकर फिशखाबूर सीमा चौकी के आसपास तक होगा।
जिन प्रमुख तेल क्षेत्रों का नियंत्रण संघीय बलों के हाथ में जाने की बात कही गई है, उनमें बाई हसन, जमबूर, ऐन जाला, कय्यारा, तम्मा और खोरमाला शामिल हैं। इसके अलावा, वे मखमूर के दीबका इलाके में भी तैनात होंगे, जहां बड़े तेल क्षेत्र मौजूद हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुर्दिस्तान क्षेत्र निनेवे प्रांत के शेखान तेल क्षेत्र के साथ-साथ तावके, अतरोश और सरसंक तेल क्षेत्रों का नियंत्रण भी खो सकता है।
आपकी टिप्पणी