ग़ज़्ज़ा: फ़िलिस्तीनी चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, ग़ज़्ज़ा शहर की इस्लामी यूनिवर्सिटी के परिसर पर ज़ायोनी सेना के ड्रोन हमले में 3 फ़िलिस्तीनियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला ग़ज़्ज़ा शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित इस्लामी यूनिवर्सिटी के प्रवेश द्वार के पास हुआ।
फ़िलिस्तीनी राहत सूत्रों के अनुसार, आज सुबह से ज़ायोनी हमलों में मरने वाले फ़िलिस्तीनियों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। इनमें से 4 लोगों की मौत ग़ज़्ज़ा शहर और उत्तरी ग़ज़्ज़ा में हुई।
दक्षिणी ग़ज़्ज़ा के ख़ान यूनिस शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित ‘अस-सिनाआ’ इलाके में नागरिकों के एक समूह पर हमला किया गया। इसमें अला अहमद अबू ज़ायद और नबील अहमद अबू ज़ायद की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए।
ग़ज़्ज़ा शहर के उत्तर-पश्चिम में अल-रशीद सड़क पर, हमद अस्पताल के पास हुए हमले में 54 वर्षीय फ़ौज़ी सालेम अस-सवारका की मौत हो गई। इस हमले में भी कई लोग घायल हुए।
इसी तरह, मध्य ग़ज़्ज़ा के देर अल-बलह के पूर्व में स्थित ‘अल-मज़रआ’ इलाके में ज़ायोनी सेना के ड्रोन हमले में 33 वर्षीय हमदान सलमान अबू अमरा की जान चली गई।
ग़ज़्ज़ा के शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान ज़ायोनी सेना के बर्बर हमलों में 10 छात्रों और एक शिक्षक की मौत हुई है।
आपकी टिप्पणी