पश्चिम एशिया में सुरक्षा हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। अरबी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जॉर्डन, बहरीन और क़तर में कई जगहों पर विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई दीं और चेतावनी सायरन सक्रिय किए गए। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र के कई देशों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
रिपोर्टों के अनुसार, जॉर्डन के पूर्वी इलाके अल-अज़रक के पास कई विस्फोट हुए हैं। कुछ सूत्रों ने इलाके में मिसाइल गिरने का दावा भी किया है।
अल-अज़रक के पास स्थित अल-सल्ती सैन्य अड्डा अमेरिका के लिए पश्चिम एशिया में एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना माना जाता है। हालांकि, अभी तक किसी नुकसान या हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बहरैन के गृह मंत्रालय ने बताया कि देश के कई हिस्सों में चेतावनी सायरन बजाए गए। मंत्रालय ने नागरिकों और वहां रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि बहरैन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय के आसपास भी हमले हुए हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अरबी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, क़तर में भी कई स्थानों पर विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं और चेतावनी सायरन बजाए गए।
कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि निशाना अमेरिकी अल-उदैद एयर बेस था, जो पश्चिम एशिया में अमेरिका के सबसे बड़े सैन्य ठिकानों में से एक है।
इसके अलावा, कुछ सूत्रों ने क़तर के तट के पास मौजूद अमेरिकी नौसैनिक जहाजों को भी निशाना बनाए जाने का दावा किया है। हालांकि, इन सभी दावों की अभी तक संबंधित अधिकारियों या स्वतंत्र स्रोतों से पुष्टि नहीं हुई है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पश्चिम एशिया में तनाव को और बढ़ा दिया है। क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
आपकी टिप्पणी