14 जनवरी 2021 - 13:11
अमरीका में महाभियोग का खेल शुरू, बाइडन के ख़िलाफ़ शपथ ग्रहण के अगले ही दिन प्रस्ताव पेश करेंगी रिपब्लिकन सांसद

अमरीका की रिपब्लिकन सासंद मारजोरी टेलर ग्रीन ने धमकी दी है कि वह राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के ख़िलाफ़ लाए गए महाभियोग का बदला लेंगी और जो बाइडन के ख़िलाफ़ राष्ट्रपति बनने के अगले ही दिन महाभियोग का प्रस्ताव पेश करेंगी।

टेलर ग्रीन का कहना है कि 20 जनवरी को बाइडन के शपथ ग्रहण के अगले ही दिन वह महाभियोग प्रस्ताव पेश करेंगी और उन्हें रिपब्लिकन वोटर की आवाज़ बनने पर गर्व है, जिन्हें नज़र अंदाज़ कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मैं अमरीकी जनता के प्रतिनिधि के रूप में यह एलान कर रही हूं कि हमें नेताओं की जवाबदेही तय करनी होगी। इसीलिए 21 जनवरी को मैं जो बाइडन के ख़िलाफ़ महाभियोग का प्रस्ताव पेश करूंगी।

हालांकि टेलर ग्रीन ने यह नहीं बताया कि किस आधार पर वह बाइडन के ख़िलाफ़ महाभियोग का प्रस्ताव लायेंगी।

ग़ौरतलब है कि बुधवार को डेमोक्रेट सासंदों द्वारा लाया गया राष्ट्रपति ट्रम्प के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव अमरीकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेन्टेटिव्स में पारित हो गया है। अब सदन के ऊपरी सदन सीनेट में उनके ख़िलाफ़ लगे आरोपों पर बहस और वोटिंग होगी।

ट्रम्प पर 6 जनवरी को अपने समर्थकों को कैपिटल हिल यानी अमरीकी संसद की इमारत पर हमला करने के लिए उकसाने का आरोप है।

उनके ख़िलाफ़ महाभियोग 197 के मुक़ाबले 232 वोटों से पारित कर दिया गया। 10 रिपब्लिकन्स सांसदों ने महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन किया है।