संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने यमन में एक अस्पताल पर सऊदी अरब के युद्धक विमानों के हमले की निंदा की है।
बान की मून ने एक बयान जारी करके उत्तरी यमन के सअदा प्रांत में अंतर्राष्ट्रीय संगठन डॅाक्टर्स विदाउट बॅार्डर्स के अस्पताल पर सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों के हमले की निंदा करते हुए, यमनी जनता के लिए चिकित्सा व उपचार संबंधी समस्याओं पर गहरी चिंता प्रकट की है। उन्होंने एक बार फिर यमन में संघर्ष विराम लागू किए जाने और वार्ता के माध्यम से संकट का समाधान किए जाने की मांग की है।
ज्ञात रहे कि अंतर्राष्ट्रीय संगठन डॅाक्टर्स विदाउट बॅार्डर्स ने रविवार को यमन के सअदा प्रांत में अपने अस्पताल को सऊदी अरब के युद्धक विमानों द्वारा निशाना बनाए जाने की पुष्टि की थी। इस हमले में कम से कम चार व्यक्ति हताहत और कई अन्य घायल हो गए थे। यह पिछले तीन महीने में डॅाक्टर्स विदाउट बॅार्डर्स के अस्पतालों पर सऊदी अरब का तीसरा हमला है।