मोदीनगर की आदर्श नगर कॉलोनी में सुनहरी मस्जिद स्थित है। सुबह मस्जिद में लोग फजर की नमाज अदा करने गए थे। इसी दौरान परिसर में एक धमकी भरा पत्र पड़ा मिला। पत्र में लिखा था यदि मस्जिद से लाउडस्पीकर नहीं हटाए गए तो लाशें गिनने के लिए तैयार रहना।
मस्जिद में धमकी भरा पत्र मिलने के बाद हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना मुरादनगर थाने को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मस्जिद में पहुंच गए। इस संबंध मे मुरादनगर थाने में तहरीर दी गई है। एसीपी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर पत्र डालने वाले का पता लगाया जा रहा है। यह किसी की शरारत भी हो सकती है।