15 मई 2021 - 18:00
इस्राईल का समर्थन और इस्राईली झंडा लगाना क्या ऑस्ट्रिया को पड़ेगा भारी, ईरानी विदेश मंत्री ने किया दौरा रद्द

ईरानी विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी संगठनों और इस्राईल के बीच जारी लड़ाई के दौरान, ज़ायोनियों के साथ एकजुटता जताने के लिए वियना के अधिकारियों द्वारा इस्राईली झंडा फहराने के कारण, ऑस्ट्रिया की अपनी यात्रा रद्द कर दी है।

ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री अलेक्ज़ेंडर शैलेनबर्ग के प्रवक्ता क्लाउडिया टर्टशर ने संघीय चांसलर और विदेश मंत्रालय की इमारतों पर इस्राईली झंडे लगाने की पुष्टि की है।

ज़रीफ़ की यात्रा रद्द होने पर प्रतिक्रिया देते हुए टर्टशर ने कहाः हमें इसका खेद है। हम इस पर ध्यान देते हैं।

ईरानी विदेश मंत्री शनिवार को शैलेनबर्ग से मुलाक़ात करने वाले थे। हालांकि उन्होंने अभी तक इस ताज़ा स्थिति पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज़ का कहना है कि फ़िलिस्तीनियों और इस्राईल के बीच ताज़ा टकराव में उनका देश इस्राईल के साथ खड़ा है।

ग़ज्ज़ा पर लगातार छठे दिन इस्राईली बमबारी में 39 बच्चों समेत, कम से कम 140 लोग शहीद हो चुके हैं, जबकि 950 से ज़्यादा घायल हैं।