26 जुलाई 2020 - 14:09
इस्राईल की रिपोर्ट से हंगामा , ईरान कर रहा है बड़े हमले की तैयारी, इस्राईल पर होगी राकेटों की बारिश, युद्ध खून व आंसू के साथ खत्म होगा।

लंदन से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र रायुल यौम ने इस्राईल में हिज़्बुल्लाह और ईरान की ओर से जवाबी कार्यवाही के फैली चिंता पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की है जो पढ़ने योग्य है।

इस्राईल की इन्स्टिट्यूट फॉर नेश्नल सिक्यूरेटी स्टडीज़ आईएनएसएस ने अपने एक नये अध्ययन में बताया है कि अरब देशों में ईरान का बढ़ता प्रभाव, इस्राईली हितों के लिए बहुत बड़ा खतरा है और अपने हितों के लिए सुरक्षित हालात पैदा करने के लिए इस्राईल के पास सीमित विकल्प हैं । इसके साथ ही इस्राईल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने, सीरिया में ईरान की उपस्थिति को कम करने और ईरान के मिसाइल कार्यक्रम को खत्म करने की कोशिश तेज़ कर दी है।

    आईएनएसएस के अध्ययन में कहा गया है कि ईरान के मिसाइल कार्यक्रम का मक़सद, कई दिशाओं से इस्राईल को निशाना बनाना है। ईरान हिज़्बुल्लाह को लंबी दूरी के और सटीक निशाना लगाने वाले मिसाइल दे देगा इस तरह से ईरान इस्राईल के साथ  आने वाले युद्ध के लिए पूरी तरह से तैयार रहेगा और वह सीरिया, ईरान और यमन तथा कुछ अन्य देशों से इस्राईल पर मिसाइलों की बारिश कर देगा। जैसा कि आईएनएसएस ने दावा किया है।

इस्राईल के इस संगठन के अध्ययन में बताया गया है कि तेहरान और तेलअबीब के बीच सीरिया, गज़्ज़ा पट्टी, और इसी तरह लेबनान और इराक़ में टकराव जारी है और दोनों के बीच आने वाला युद्ध कई आयामों से होगा क्योंकि अमरीका कोरोना महामारी और आर्थिक तंगी की वजह से ईरान पर सही तौर पर नज़र नहीं रख पा रहा है जिसकी वजह से ईरान, इस्राईल की रेड लाइनों से करीब हो रहा है इस लिए अमरीका को ईरान पर इस्राईल की कार्यवाही की सफलता को सुनिश्चित करना चाहिए लेकिन युद्ध में उसे शामिल नहीं होना चाहिए! जैसा कि इस रिपोर्ट में कहा गया है।

    इसी मध्य इस्राईल के हारित्ज़ समाचार पत्र ने हालिया दिनों में ईरान में होने वाले धमाकों का उल्लेख करते हुए लिखा है कि इस्राईल के लिए यह सब कुछ खून और आंसूं पर खत्म होगा।

    इस्राईली समाचार पत्र ने ईरान की ओर इशारा करते हुए लिखा है कि तेहरान अपने यहां होने वाली घटनाओं पर चुप है तो क्या वह जवाब का कोई और रास्ता अपना सकता है?

    इस्राईली समाचार पत्र हारित्ज़ ने लिखा है कि मध्य पूर्व में अमरीकी सेना के कमांडर, जनरल मैकेन्ज़ी को यक़ीन है कि ईरान अपने देश में होने वाली घटनाओं का जवाब ज़रूर देगा।

    समाचार पत्र ने लिखा है कि अगर ईरान में होने वाली घटनाओं के पीछे किसी सरकार का हाथ है तो  इस पर किसी को हैरत नहीं होनी चाहिए। बहरहाल फिलहाल सब चुप हैं और नेतेन्याहू और उनके कुछ गिने चुने मंत्रियों पर फैसला छोड़ दिया गया है जिन्हें इस्राईल का जन समर्थन भी नहीं प्राप्त है उनके साथ खुफिया एजेन्सी के अधिकारी भी हैं जिन्होंने वह  वेंटिलेटर खरीदे या चुराए जिनकी हमें कोई ज़रूरत नहीं थी।

    समाचार पत्र ने इस्राईली अधिकारियों का मज़ाक उड़ाते हुए लिखा है कि जब बात ईरान की होती है तो सब लोगों के मुंह पर ताला लग जाता है और हम सब उन पर आंख बंद करके भरोसा करने लगते हैं फिर अचानक ही हमारे नेताओं को यह पता चल जाता है कि इस्राईल के लिए क्या बेहतर है और हम चुपचाप उनकी बातें सुन लेते हैं। इसके साथ ही हारित्ज़ ने इस्राईल के लिए उस खतरे की चेतावनी दी है जो खून और आंसू से खत्म होगा।  Q.A. साभार, रायुल यौम, लंदन