AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ابنا
शनिवार

12 अगस्त 2023

6:04:57 am
1386479

भारतीय नागरिकों को नाइजर छोड़ने की सलाह, पश्चिमी अफ्रीका में युद्ध का खतरा

वर्तमान में लगभग 250 भारतीय नाइजर में रह रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने सलाह दी कि जो लोग नाइजर की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें स्थिति सामान्य होने तक अपनी योजनाओं पर पुनर्विचार करना चाहिए।


पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर में तख्तापलट के बाद से ही इस देश को लेकर विश्व शक्तियां अपने अपने हित साधने के लिए चालें चल रही हैं। एक तरफ जहाँ पश्चिमी अफ्रीकी देशों के संगठन ने इस देश के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है वहीँ नाइजर समेत कई अन्य देशों ने इसके गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।

तख्तापलट के बाद पश्चिमी अफ्रीकी देशों के संगठन ईसीओडब्ल्यूएस ने नाइजर के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का एलान किया है। तनावपूर्ण हालत को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने लोगों को तुरंत नाइजर छोड़ने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में परामर्श जारी किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत सरकार नाइजर में चल रहे घटनाक्रम में करीब से नजर बनाए हुए है और जिन भारतीयों की उपस्थिति नाइजर में आवश्यक नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द हिंसाग्रस्त देश छोड़ने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा, 'भारतीय ध्यान दें कि हवाई क्षेत्र फिलहाल बंद है। जमीनी सीमाओं से प्रस्थान करते समय ज्यादस सतर्क रहने की जरूरत है। मदद के लिए नियामी स्थित भारतीय दूतावास के टेलीफोन नंबर +227-99759975 पर संपर्क कर सकते हैं।'

अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में लगभग 250 भारतीय नाइजर में रह रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने सलाह दी कि जो लोग नाइजर की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें स्थिति सामान्य होने तक अपनी योजनाओं पर पुनर्विचार करना चाहिए।