31 दिसंबर 2019 - 13:00
2020 में ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों में अधिक वृद्धि करेंगे, अमरीका

ईरान के मामलों में अमरीकी प्रतिनिधि ब्रायन हुक ने धमकी दी है कि तेहरान को झुकाने के लिए वाशिंगटन अधिकतम दबाव की नीति के तहत आर्थिक प्रतिबंधों में वृद्धि करता रहेगा।

सोमवार को एक प्रेस कांफ़्रेंस को संबोधित करते हुए हुक ने कहा, 2020 में हम ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों में अधिक वृद्धि करने जा रहे हैं।

अमरीकी प्रतिनिधि ने ईरान के ख़िलाफ़ आरोपों की झड़ी लगाते हुए दावा किया कि अमरीका ने ईरान समर्थक इराक़ी स्वयं सेवी बलों के ठिकानों पर हालिया हमले अपनी रक्षा में किए हैं।

हुक का कहना था कि वाशिंगटन ने अपने हितों की रक्षा के लिए सैन्य शक्ति और कूटनीतिक प्रयासों को एक साथ जारी रखने का इरादा किया है।

ब्रायन हुक का कहना था कि वह ईरान के ख़िलाफ़ अमरीकी प्रतिबंधों और अधिकतम दबाव की नीति से संतुष्ट हैं।