इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी राष्ट्रपति बरहम सालेह ने रविवार की रात हमले की निंदा करते हुए इससे इराक़ी संप्रभुता और अखंडता का उल्लंघन क़रार दिया।
इराक़ी प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी ने अमरीकी ड्रोन हमले के बाद तुरंत ही अमरीकी रक्षामंत्री को टेलीफ़ोन करके इस अंतर्राष्ट्रीय क़ानून के विरुद्ध कार्यवाही का ब्योरा देने की मांग की है।
इराक़ के वरिष्ठ राजनेता अम्मार हकीम ने एक बयान जारी करके हमले की निंदा की और इसे इराक़ी संप्रभुता का उल्लंघन क़रार दिया।
इराक़ी स्वयं सेवी बल के वरिष्ठ कमान्डर अबू महदी अलमुहन्दिस ने एक बयान में कहा कि शहीदों का ख़ून बर्बाद नहीं जाएगा और अमरीकी सैनिकों को करारा जवाब दिया जाएगा।
इराक़ी हिज़बुल्लाह ने भी एक बयान जारी करके इराक़ से अमरीकी सैनिकों के निष्कासन की मांग की है।
दूसरी ओर इराक़ी स्वयं सेवी बल की संभावित कार्यवाही के भय से अमरीका ने बग़दाद में स्थित अपने दूतावास के कर्मियों को शहर से निकाल कर दूसरे शहर पहुंचा दिया है।
अमरीका ने रविवार की रात बग़दाद दूतावास में काम करने वाले दसियों कर्मियों को दूसरे शहर पहुंचा दिया और दूतावास के ख़तरे के स्तर को बढ़ा दिया है।