हुज्जतुल इस्लाम मुहम्मद जवाद हाज अली अकबरी ने नमाज़े जुमा के ख़ुतबों में इमाम हुसैन के चेहलुम के कार्यक्रम के वैभवशाली आयोजन पर इराक़ की सरकार और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तीन करोड़ श्रद्धालु लब्बैक या हुसैन का नारा लगाते हुए चेहलुम के मिलियन मार्च में आगे बढ़ते हैं तो साम्राज्यवादी ताक़तें कांप जाती हैं।
तेहरान की केन्द्रीय नमाज़े जुमा के इमाम ने कहा कि इमाम हुसैन के चेहलुम का कार्यक्रम साम्राज्यवाद के पतन की प्रक्रिया को और तेज़ कर रहा है।
हुज्जतुल इस्लाम हाज अली अकबरी ने कहा कि इमाम हुसैन का चेहलुम इस्लाम को विजय दिलाएगा, उन्होंने कहा कि प्रतिरोध, आशा, दृढ़ता, अथक प्रयास, दुशमन से दूरी, ख़तरों से न डरना और इंसानों से प्रेम इमाम हुसैन के चेहलुम के संदेश हैं।
उल्लेखनीय है कि 20 सफ़र 1441 हिजरी क़मरी बराबर 19 अकतूबर 2019 को इमाम हुसैन का चेहलुम है। इस अवसर पर बहुत बड़ी संख्या में श्रद्धालु कई कई दिन का पैदल सफ़र तय करके कर्बला पहुंच रहे हैं।