4 अक्टूबर 2019 - 18:30
यमन की सऊदी अरब को खुली धमकी, अगर युद्ध विराम की पेशकश न मानी तो...

यमन की सर्वोच्च क्रांतिकारी कमेटी के प्रमुख ने कहा है कि अगर हमलावर सऊदी गठबंधन की ओर से युद्ध विराम की पेशकश को ठुकरा दिया गया तो यमन के जवाबी हमले और भी तेज़ हो जाएंगे।

अलमसीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार यमन की सर्वोच्च क्रांतिकारी कमेटी के प्रमुख मुहम्मद अली अलहूसी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि अंसारुल्लाह आंदोलन ने अब तक यमन की सर्वोच्च राजनैतिक परिषद के प्रमुख महदी अलमश्शात की ओर से युद्ध विराम के प्रस्ताव सहित विभिन्न पेशकश हमलावर सऊदी गठबंधन को की है, कहा कि शांति की राजनैतिक प्रक्रिया को शुरु करने में विलंब से स्वयं हमलावर शक्तियों को नुक़सान होगा।

ज्ञात रहे कि यमन की सर्वोच्च राजनैतिक परिषद के प्रमुख महदी अलमश्शात ने 20 सितम्बर शुक्रवार को सशर्त युद्ध विराम की घोषणा करते हुए सऊदी अरब को युद्ध विराम का निमंत्रण दिया था और बल दिया था कि सऊदी अरब इस अवसर से लाभ उठाए।

सऊदी गठबंधन ने इन पेशकशों को कोई महत्व नहीं दिया और वह यमन के विभिन्न क्षेत्रों पर अपने हमले जारी रखे हुए है।

मार्च 2015 से यमन के विरुद्ध सऊदी गठबंधन के हमलों में अबतक 16 हज़ार से अधिक यमनी हताहत और दसियों हज़ार घायल हो चुके हैं जबकि लाखों लोग बेघर हो चुके हैं।