28 सितंबर 2019 - 14:07
तुर्की की सीरिया के सेफ़ ज़ोन में 27 अरब की निर्माण योजना, सीरिया ने बताया खुला अतिक्रमण

तुर्की सीरिया के सेफ़ ज़ोन में 27 अरब डॉलर की निर्माण परियोजना शुरु करना चाहता है।

तुर्की के राष्ट्रीय टीवी चैनल टीआरटी हबर ने कहा है कि अंकारा की पूर्वोत्तरी सीरिया के कथित सेफ़ ज़ोन में बस्तियों का निर्माण करने की योजना है, जिससे इस बात का डर पैदा हो रहा है कि तुर्की अरब देश सीरिया में अपने लिए एक भूभाग हासिल करना चाहता है।

इस टीवी चैनल ने इस परियोजना का ब्योरा जारी किया जो सीरियाई सरकार के नियंत्रण से बाहर इलाक़ों से संबंधित है। इस परियोजना के बारे में तुर्क राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें अधिवेशन में प्रस्ताव रखा।

पिछले महीने तुर्की और अमरीका फ़ुरात नदी से इराक़ी सीमा तक फैले इलाक़े में सेफ़ ज़ोन बनाने पर सहमत हुए थे।

सीरिया ने इस सहमति की निंदा करते हुए इसे अपनी क्षेत्रीय अखंडता के ख़िलाफ़ खुला अतिक्रमण व अंतर्राष्ट्रीय क़ानून सहित संयुक्त राष्ट्र संघ के घोषणापत्र का खुला उल्लंघन कहा था।