27 सितंबर 2019 - 14:42
यूएई को मिली चेतावनी, समय बहुत कम है, यमन से निकलो वरना अंजाम भुगतने के लिए तय्यार हो जाओ

यमन के सरकार समर्थक स्वयंसेवी बल अंसारुल्लाह ने संयुक्त अरब इमारात को चेतावनी दी है कि वह यमन से बाहर निकले या फिर अपनी भूमि पर ऐसे हमले का सामना करने के लिए तय्यार रहे जो उसे असहाय कर देगा।

यमन की सर्वोच्च राजनैतिक परिषद में अंसारुल्लाह के सदस्य अब्दुल वह्हाब अलमश्हदी ने यूएई को चेतावनी दी कि अगर वह यमन पर सऊदी अरब द्वारा थोपी गयी जंग से नहीं निकला तो उस पर यमनी सेना तबाह करने वाला हमला करेगी।

यमन की सर्वोच्च राजनैतिक परिषद के एक अन्य सदस्य मोहम्मद अलबुख़ैती ने भी यूएई से तनाव बढ़ाने से दूर रहने की मांग करते हुए कहा है कि अबू धाबी के पास समय बहुत कम है।

अलबुख़ैती ने यूएई की सैन्य टुकड़ी से यमन के पश्चिमी तट और दक्षिणी प्रांतों से निकलने के लिए कहा है।

उन्होंने कहा कि यूएई तईज़ प्रांत में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

अलबुख़ैती ने कहा कि एरिट्रिया की असाब छावनी से यूएई के भाड़े के सैनिक ट्रेनिंग लेकर तइज़ के लिए रवाना हुए हैं ताकि सैन्य प्रगति करें।

उन्होंने कहा कि दुश्मन की सेना की ओर से तनाव बढ़ाने की कोशिश का यमनी सेना व्यापक जवाब देगी।