ईरान की संसद मजलिसे शूराए इस्लामी में परमाणु समिति के प्रमुख मुहम्मद इब्राहीम रेज़ाई ने तस्नीम समाचार एजेंसी से बात करते हुए बताया कि संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग का एक दल अगले हफ़्ते देश के परमाणु केंद्रों का निरीक्षण करेगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह दल अराक, फ़ोरदू और नतंज़ के परमाणु प्रतिष्ठानों का दौरा करेगा। उन्होंने कहा कि संसद का राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग, परमाणु समझौते के अंतर्गत ईरान की कटिबद्धताओं को कम करने के लिए सरकार के क़दमों की समीक्षा के परिप्रेक्ष्य में इन परमाणु प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करके एक रिपोर्ट तैयार करेगा और उसे आयोग व संसद में पेश करेगा।
ईरान की संसद में परमाणु समिति के प्रमुख मुहम्मद इब्राहीम रेज़ाई ने परमाणु समझौते के अंतर्गत ईरान द्वारा स्वेच्छा से स्वीकार की गई कटिबद्धताओं को कम करने के मार्ग में सरकार के क़दमों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि संसद की परमाणु समिति इन कटिबद्धताओं को कम करने के लिए संबंधित विभागों की ओर से उठाए गए क़दमों पर नज़र रख रही है और वह सांसदों को इन कार्यवाहियों से अवगत कराएगी।