20 जुलाई 2019 - 14:00
जहाज़रानी के अन्तर्राष्ट्रीय क़ानूनों को लागू करने के उद्देश्य से रोका गया ब्रिटेन का तेल टैंकरः जवाद ज़रीफ़

जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि जहाज़रानी के अन्तर्राष्ट्रीय क़ानूनों को लागू करने के उद्देश्य से ही फ़ार्स की खाड़ी में ब्रिटेन के तेल टैंकर को रोक गया है।

ईरान के विदेशमंत्री ज़रीफ़ ने स्पष्ट किया है कि जिब्राल्टर स्ट्रेट में समुद्री डकैती के विपरीत फ़ार्स की खाड़ी में ब्रिटेन के तेल टैंकर को रोकने से इस्लामी गणतंत्र ईरान का उद्देश्य, जहाज़रानी के अन्तर्राष्ट्रीय क़ानूनों को लागू करना है।  विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि ईरान, फ़ार्स की खाड़ी और हुरमुज़ स्ट्रेट में शांति व्यवस्था को सुनिश्चित बनाना चाहता है।  उन्होंने साथ ही यह भी लिखा है कि ब्रिटेन को आर्थिक आतंकवाद में अमरीका का साथ देने से बचना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि ईरान की इस्लामी क्रांति संरक्षक बल, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने एक विज्ञप्ति में घोषणा की है कि शुक्रवार 19 जुलाई 2019 की शाम ब्रिटेन के "स्टेना इम्पेरो" नाम के आयल टैंकर को हुरमुज़ स्ट्रेट से गुज़रते समय रोक लिया गया है।  विज्ञप्ति में कहा गया है कि अंतर्राष्ट्रीय समुद्री क़ानूनी और नियमों का पालन न करने के कारण ब्रिटेन के इस तेल टैंकर को रोका गया है।