30 जून 2019 - 11:49
दुबई के शासक की पत्नी राजकुमारी हया 3 करोड़ 90 लाख डॉलर और अपने 2 बच्चों के साथ भाग गईं

दुबई के शासक शेख़ मोहम्मद बिन राशिद अल-मख़तूम की पत्नी 3 करोड़ 90 लाख डॉलर लेकर जर्मनी भाग गई हैं।

दुबई के शासक की पत्नी राजकुमारी हया अल-हुसैन जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह दितीय की सौतेली बहन हैं।

दुबई से भाग कर पहले वह जर्मनी पहुंची हैं, जहां उन्होंने अपने पति से तलाक़ के लिए अपील के साथ जर्मनी में राजनीतिक शरण की अनुमति मांगी है।

सूत्रों के अनुसार, एक जर्मन कूटनीतिज्ञ ने 45 वर्षीय राजकुमारी की दुबई से भागने में मदद की है, जो अपने साथ 3 करोड़ 90 लाख डॉलर और अपने दो बच्चों 7 वर्षीय बेटे ज़ायद और 11 वर्षीय बेटी अल-जलीला को लेकर गई हैं।

इस घटना के बाद जर्मनी और संयुक्त अरब इमारात के बीच कूटनीतिक संकट उत्पन्न हो गया है, इसलिए कि शेख़ दुबई के शासक होने के साथ ही संयुक्त अरब इमारात के उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी हैं।

दुबई के शासक ने बर्लिन के अधिकारियों से अपनी पत्नी, बेटी और बेटे को वापस लौटाने की मांग की है।

हालांकि जर्मनी के सुरक्षा अधिकारियों ने दुबई की इस मांग को ठुकरा दिया है और राजकुमारी को सुरक्षा प्रदान करने का आश्वसन दिया है।

सूत्रों का कहना है कि राजकुमारी हया ने भागकर जर्मनी जाने का फ़ैसला इसलिए लिया है, क्योंकि उन्हें ब्रिटिश अधिकारियों पर विश्वास नहीं था कि वे उन्हें यूएई के हवाले नहीं करेंगे।

शेख़ ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपनी पत्नी के "विश्वासघात" पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा: "जिसके साथ व्यस्त हो उसी के साथ हो जाओ!!!!!?"    

2004 में राजकुमारी हया की शादी शेख़ मोहम्मद के साथ हुई थी। उनकी शादी का टूटना दुबई शासक के लिए एक नया बड़ा झटका माना जा रहा है, इसलिए कि उनकी 33 वर्षीय बेटी लतीफ़ा बिंत मोहम्मद मख़तूम पिछले साल भाग गई थीं, लेकिन उन्हें भारत के एक तट पर एक बोट से पकड़ लिया गया था।

मानवाधिकार संगठनों का दावा है कि उन्हें दुबई में नज़रबंद करके रखा गया है।

दुबई में वॉचडॉग की मुख्य कार्यकारी राधा स्टर्लिंग का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति राजनीतिक शरण की अपील करता है तो निश्चित रूप से उसे जान का ख़तरा होता है और वह हिंसा और शोषण का शिकार होता है।