30 मई 2019 - 19:03
वरिष्ठ धर्मगुरुओं की विश्व भर की जनता से अपील, विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियों में भारी संख्या में लें भाग

ईरान के पवित्र नगर क़ुम में मौजूद वरिष्ठ धर्मगुरुओं ने देश और दुनिया की न्याय प्रेमी जनता से अपील की है कि वे अंतर्राष्ट्रीय क़ुद्स दिवस के मौक़े पर निकाली जाने वाली रैलियों में भारी संख्या में भाग लें।

समाचार एजेंसी मेहर की रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरान के पवित्र नगर क़ुम में मौजूद वरिष्ठ धर्मगुरुओं ने देश और दुनिया के सभी न्याय प्रेमियों से फ़िलिस्तीन की अत्याचारग्रस्त जनता का समर्थन करने की अपील की है। वरिष्ठ धर्मगुरुओं ने अपने बयान में कहा है कि पूरी दुनिया के सभी मुसलमान को अमेरिका, इस्राईल और सऊदी अरब की "डील आफ सेंचुरी" को असफल बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय क़ुद्स दिवस में भरपूर तरीक़े से भाग लेना चाहिए।

वरिष्ठ धर्मगुरू आयतुल्लाह मकारिम शिराज़ी ने इस बात की ओर इशारा किया कि, ईरान की इस्लामी क्रांति के संस्थापक स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी (र.ह), ने रमज़ान के पवित्र महीने के अंतिम शुक्रवार को विश्व कुद्स दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी, कहा कि इमाम ख़ुमैनी (र.ह) ने विश्व क़ुद्स दिवस की घोषणा इसलिए की थी कि ताकि दुनिया इस्राईल द्वारा फ़िलिस्तीन के अतिग्रहण की याद को भुला न सके। उन्होंने कहा कि विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियों में भाग ज़रूर लेना चाहिए ताकि अत्याचारी सरकारों को इस बात का एहसास रहे कि फ़िलिस्तीन की जनता अकेले नहीं है।

इसी तरह वरिष्ठ धर्मगुरू आयतुल्लाह नूरी हमदानी, आयतुल्लाह जाफ़र सुबहानी और आयतुल्लाह अलवी गुरगानी और कई वरिष्ठ सुन्नी धर्मगुरुओं ने शुक्रवार को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय क़ुद्स दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली रैलियों में भारी संख्या में लोगों से भाग लेने की अपील की है।