17 मई 2019 - 12:15
सनआ में सऊदी अरब की नई आपराधिक कार्यवाही सऊदी एलायंस की पराजय का प्रमाण

यमन के अंसारुल्लाह आंदोलन के प्रवक्ता ने राजधानी सनआ के आवासीय इलाक़े पर सऊदी अरब और इमारात के नेतृत्व वाले गठबंधन के हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह अपराधिक कार्यवाही साबित करती है कि हमलावर एलायंस पूरी तरह नाकाम और अक्षम हो चुका है।

सऊदी अरब के सैन्य गठजोड़ के युद्धक विमानों ने गुरुवार को सनआ के आवासीय क्षेत्र पर बमबारी की जिसमें कम से कम 6 लोग हताहत और 26 बच्चों सहित 71 घायल हो गए।

अंसारुल्लाह के प्रवक्ता मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने कहा कि रमज़ान के पवित्र महीने में यमनी आम नागरिकों पर हमला जो शत्रु के लोजिस्टिक प्रतिष्ठानों पर यमनी सेना और अंसारुल्लाह के बड़े ड्रोन हमले के जवाब में किया गया यह साबित करता है कि सऊदी एलायंस सामरिक, राजनैतिक, नैतिक और प्रचारिक आयामों से परास्त हो चुका है।

यमन की सेना ने मंगलवार को सात ड्रोन विमानों से हमला करके सऊदी अरब के राष्ट्रीय तेल कंपनी अरामको के दो पम्पिंग केन्द्रों को निशाना बनाया था।

अब्दुस्सलाम ने कहा कि विश्व समुदाय का यमन के बारे में जो रवैया है वह मानवीय नहीं है, इसी तरह उन्होंने कहा कि यमन के आम नागरिक अमरीकी और फ़्रांसीसी हथियारों से मारे जा रहे हैं।