15 मई 2019 - 14:21
ईरान, हर कार्यवाही का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैः ख़र्राज़ी

ईरान के विदेशी संबंधों की रणनैतिक परिषद के प्रमुख ने कहा है कि ईरान से अमरीका की दुश्मनी कोई नई बात नहीं है और पिछले 40 साल से वह यह दुश्मनी दिखा रहा है।

सैयद कमाल ख़र्राज़ी ने फ़्रान्स-24 चैनल से बात करते हुए कहा कि अमरीकियों ने ईरान पर भारी आर्थिक दबाव डाल रखा है लेकिन वे इससे अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर सकेंगे क्योंकि ईरानी जनता अपनी परिपूर्ण राजनैतिक सूझबूझ के माध्यम से अमरीका के दबाव का मुक़ाबला करती रहेगी। उन्होंने क्षेत्र में अमरीका की सैन्य गतिविधियों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि अगर अमरीका, ईरान के ख़िलाफ़ किसी भी प्रकार की सैन्य कार्यवाही करना चाहेगा तो ईरान उसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

ईरान के विदेशी संबंधों की रणनैतिक परिषद के प्रमुख ने तेहरान की ओर से परमाणु समझौते के अंतर्गत अपने कुछ क़दमों को रोकने की ओर संकेत किया और कहा कि यूरोपीय देशों को निष्ठा के साथ जेसीपीओए के अंतर्गत अपने वादों को पूरा करना चाहिए था लेकिन उन्होंने एेसा नहीं किया। सैयद कमाल ख़र्राज़ी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरान परमाणु समझौते से नहीं निकलेगा, कहा कि अगर साठ दिन की मोहलत में यूरोप वालों ने इस्लामी गणतंत्र ईरान की मांगों को पूरा न किया तो तेहरान कुछ और क़दम उठाएगा। उन्होंने संयुक्त अरब इमारात की फ़ुजैरा बंदरगाह में हुए कई धमाकों के बारे में कहा कि इमारात में तेल टैंकरों में विस्फोट की घटना संदिग्ध है और इसकी सच्चाई सामने लाने के लिए जांच होनी चाहिए।