12 मई 2019 - 14:09
सऊदी अरब का समुद्री जहाज़ हथियार लिए बिना फ़्रान्स से निकल गया!

सऊदी अरब का एक समुद्री जहाज़, जो फ़्रान्स से ख़रीदे गए हथियार लेकर स्वदेश वापस लौटने वाला था, यमन युद्ध के विरोधियों की कोशिशों से बिना हथियार लिए वापस जाने पर विवश हो गया।

बहरी यनबू नामक सऊदी अरब का यह जहाज़, जो उत्तरी फ़्रान्स की ली हावरे बंदरगाह पर लंगर डाले हुए था, शुक्रवार को किसी भी प्रकार के हथियार लिए बिना ही इस बंदरगाह से स्पेन के लिए रवाना हो गया। फ़्रान्स के एक मानवाधिकार संगठन एसीएटी (The Christian Action for the Abolition of Torture ) ने गुरुवार को पेरिस स्थिति एक न्यायालय से अपील की थी कि वह तुरंत व आपात स्थिति के रूप में फ़्रान्स की ओर से सऊदी अरब के इस जहाज़ को हथियार दिए जाने पर रोक लगाए। इस मानवाधिकार संगठन ने न्यायालय को बताया था कि सऊदी अरब इन हथियारों को यमनी जनता के जनसंहार के लिए इस्तेमाल करेगा।

 

यद्यपि न्यायलय में एसीएटी संगठन की इस अपील का कोई प्रभाव नहीं हुआ लेकिन सऊदी अरब का जहाज़ ली हावरे बंदरगाह से कुछ भी लादे बिना रवाना हो गया। फ़्रान्स से हथियार लिए बिना सऊदी अरब के इस समुद्री जहाज़ की वापसी एेसी स्थिति में हुई है कि जब फ़्रान्स के राष्ट्रपति एमानोएल मैक्रां ने गुरुवार को सऊदी अरब को हथियार बेचे जाने का समर्थन किया था। संयुक्त राष्ट्र संघ व मानवाधिकार के अनेक संगठन अब तक फ़्रान्स, ब्रिटेन और सऊदी अरब के अतिक्रमणकारी गठजोड़ के समर्थक अन्य देशों से कई बार मांग कर चुके हैं कि वे सऊदी अरब व संयुक्त अरब इमारात को हथियार बेचना बंद करें।