11 मई 2019 - 14:09
ईरान के साथ किसी भी प्रकार के मतभेद के इच्छुक नहीं-मर्केल

एंगेला मर्केल का कहना है कि यूरोप, ईरान के साथ किसी भी प्रकार के मतभेद का इच्छुक नहीं है।

जर्मनी की चांस्लर एंगेला मर्केल ने स्पष्ट किया है कि जेसीपीओए या परमाणु समझौते के संदर्भ में यूरोपीय संघ, ईरान के साथ हर प्रकार के मतभेद से बचना चाहता है।  उन्होंने गुरूवार को परमाणु समझौते के संदर्भ में अपने वचनों के पालन के बारे में यूरोपीय पक्ष की ओर से की जाने वाली आनाकानी की ओर संकेत करते हुए कहा कि तेहरान को यह समझना चाहिए कि इस समझौते के प्रति कटिबद्ध रहने में उसकी भी भलाई है।  इसी बीच मेक्रां ने कहा है कि हमे इस बात को सुनिश्चित बनाने के लिए हर काम करना चाहिए कि ईरान, परमाणु समझौते में बना रहे।

याद रहे परमाणु समझौते को लागू करने में यूरोपीय पक्ष की ओर से आनाकानी तथा अमरीका की ओर से बढ़ते प्रतिबंधों के बीच ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने अमरीका द्वारा एकपक्षीय रूप से परमाणु समझौते से निकलने की पहली वर्षगांठ के अवसर पर 8 मई 2019 को घोषणा की थी कि जेसीपीओए के संदर्भ में ईरान, अपने दो वचनों को रोक रहा है ताकि 60 दिनों के भीतर यूरोपीय अपने उल्लंघनों की भरपाई कर सकें।  इसी बीच ईरान के विदेश उपमंत्री अब्बास इराक़ची ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, अभी तक परमाणु समझौते से निकला नहीं है किंतु चरणबद्ध ढंग से निकलने को उसने अपनी कार्यसूचि में शामिल कर रखा है।