17 मार्च 2019 - 16:39
न्यूज़ीलैंड में मस्जिद में हुए जनसंहार को उचित ठहराने वाले ऑस्ट्रेलियाई सेनेटर की चौतरफ़ा निंदा

ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण पंथी सेनेटर फ़्रेज़र ऐनिंग ने, जो न्यूज़ीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में 2 मस्जिदों में 15 मार्च को हुए जनसंहार के लिए अप्रवासी नीतियों को ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं, उस किशोर को मुक्का मारा जिसने उनके सिर पर अंडा फोड़ा था।

किशोर विल कोनोली का, फ़्रेज़र ऐनिंग के नस्लभेदी बयान से आहत होकर उन्हें लज्जित करने वाला वीडियो इस समय वाइरल हो गया है।

इस वीडियो में कोनोली पहले तो ऐनिंग के मेलबर्न में पत्रकारों से बातचीत को ख़ामोशी से खड़ा सुनता है, फिर वह अपना फ़ोन एक हाथ में लेकर दूसरे हाथ से राजनेता फ़्रेज़र ऐनिंग के सिर पर अंडा फोड़ देता है। ऐनिंग क्रोधित होकर कोनोली के चेहरे पर मुक्का मारते हैं और जैसे ही दूसरा मुक्का मारना चाहते हैं कि दोनों को अलग कर दिया जाता है। उसके बाद कुछ अज्ञात लोग किशोर कोनोली को ज़मीन पर बुरी तरह गिरा देते हैं जबकि एक दूसरा व्यक्ति सेनेटर को शांत करने की कोशिश करता है।

यह घटना, ऑस्ट्रेलियाई सेनेटर की मुसलमान अप्रवासियों को "देश की सड़कों पर रक्तपात" के लिए ज़िम्मेदार ठहराए जाने पर भड़के आक्रोश के एक दिन बाद, घटी है।

सेनेटर फ़्रेज़र ऐनिंग ने शुक्रवार को ट्वीटर पर अपने संदेश में कहाः "आज न्यूज़ीलैंड की सड़कों पर रक्तपात का मुख्य कारण अप्रवासन कार्यक्रम है जिससे मुस्लिम कट्टरपंथी न्यूज़ीलैंड पहुंचे। इस तरह की हिंसक सतर्कता ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड दोनों में हमारे समुदाय के बीच बढ़ते डर को दर्शाती है।"

ऐनिंग के इस्लाम विरोधी बयान की ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री स्कॉट मोरिस ने कड़ी आलोचना करते हुए उनके बयान को घिनौना बताया।

मोरिस ने कहाः "सेनेटर फ़्रेज़न ऐनिंग के न्यूज़ीलैंड में दक्षिणपंथी आतंकी के हमले के लिए अप्रवासन को ज़िम्मेदार ठहराने वाले विचार की ऑस्ट्रेलिया में कोई जगह नहीं है।"

ऑस्ट्रेलिया के भूतपूर्व प्रधान मंत्री मैल्कम टर्नबुल ने ऐनिंग को सेनेट के लिए शर्मनाक बताया। उन्होंने कहाः "फ़्रेज़र ऐनिंग का बयान निंदनीय है। उनका वजूद सेनेट के लिए शर्मनाक है, इससे भी बुरी बात यह है कि वह नफ़रत फैलाकर और ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को एक दूसरे के ख़िलाफ़ उकसा कर वही काम कर रहे हैं जो आतंकी चाहते हैं।"

ब्रिटिश गृह मंत्री साजिद जावेद ने भी ऐनिंग को नस्लवादी बताया जो "किसी भी तरह हमारे ऑस्ट्रेलियाई मित्रों का प्रतिनिधित्व नहीं करते।"