ईरान की जनता ने सोमवार को इस्लामी क्रांति की सफलता की 40वीं वर्षगांठ पर पूरे देश में रैलियां निकाली और प्रदर्शन किये। सोमवार को राजधानी तेहरान सहित ईरान के एक हज़ार से अधिक नगरों और दस हज़ार से अधिक गावों में इस्लामी क्रांति की सफलता के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किये गए।
रोएटर ने इसकी रिपोर्टिंग करते हुए एसे प्लेकार्ड को प्रतिबिंबित किया है जिसपर लिखा था कि अमरीका की शत्रुता के बावजूद इस्लामी क्रांति अपनी 40वीं वर्षगांठ मना रही है। रोएटर के अनुसार आज के जुलूसों में उपस्थित लोग अमरीका मुर्दाबाद और इस्राईल मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। रूस की स्पूतनिक समाचार एजेन्सी ने ईरान में प्रदर्शनों की एक वीडियो जारी करते हुए लिखा है कि 22 बहमन के कार्यक्रमों में बहुत बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उपस्थित हुए। एसोसिएटेड प्रेस ने भी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि ईरान के छोटे-बड़े सभी शहरों में लाखों की संख्या में लोग प्रदर्शनों में उपस्थित हुए। शिनहुए समाचार एजेन्सी ने आज के विरोध प्रदर्शनों में अमरीका और इस्राईल विरोधी नारों को अधिक हाई लाइट किया है। यूरो न्यूज़, फ़्रांस-24, आज़रबाइजान की सरकारी समाचार एजेन्सी, रश्या टूडे, न्यूयार्क टाइम्स, वाशिग्टन पोस्ट, टाइम्स आफ इन्डिया, कनाडा नैश्नल पोस्ट, अलजज़ीरा, वेनेज़ुएला की सरकारी समाचार एजेन्सी, सीरिया की साना और संसार की कई अन्य समाचार एजेन्सियों ने ईरान में इस्लामी क्रांति की 40वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में निकाले गए जुलूसों की रिपोर्टिंग की है।