20 जनवरी 2019 - 13:40
सऊदी अरब को हथियार की बिक्री रोकने के लिए कांग्रेस में बिल का मसौदा

अमरीकी प्रतिनिधि सभा के 21 सांसदों ने एक बिल का मसौदा तैयार किया है जिसके आधार पर सऊदी अरब को दी जाने वाली सामरिक मदद और हथियारों की बिक्री तुरंत रोक दी जाएगी।

डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी के 21 सांसदों ने सऊदी अरब के सरकार विरोधी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के मामले में रियाज़ का हाथ होने मामले में एक बिल का मसौदा तैयार किया है। प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता जिम मैकगवर्न ने कहा कि एक कूटनैतिक केंद्र को, यातना केंद्र बनाने की सऊदी अरब की कार्यवाही न केवल अंतर्राष्ट्रीय मान्यताओं का अनादर है बल्कि यह मानवीय सिद्धांतों का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि सेनेट ने सऊदी अरब के इस जघन्य अपराध की निंदा की है लेकिन प्रतिनिधि सभा अब तक इस बारे में चुप्पी साधे हुए है और अब समय आ गया है कि वह स्पष्ट रूप से इस बात की घोषणा करे कि इस प्रकार की पाश्विकता की क़ीमत चुकानी ही पड़ती है।

 

अमरीकी कांग्रेस के सांसदों ने सऊदी अरब को हथियारों की बिक्री पर रोक के बिल का मसौदा एेसी स्थिति में तैयार किया है कि जब अमरीकी सरकार ने अब तक रियाज़ की निंदा नहीं की है और वह सऊदी अरब के साथ अपने खरबों के समझौते बचाने की कोशिश में हैं। वाॅशिंग्टन पोस्ट ने हाल ही में रिपोर्ट दी है कि अमरीका व सऊदी अरब, जमाल ख़ाशुक़जी हत्याकांड को इस तरह पेश करना चाहते हैं कि उसमें सऊदी युवराज मुहम्मद बिन सलमान का कोई हाथ नहीं है।