सनआ: यमन के सशस्त्र बलों ने दावा किया है कि उन्होंने आज सऊदी अरब के अंदर तीन सैन्य अभियान चलाए। इन अभियानों में एक ड्रोन और दो बैलिस्टिक मिसाइलों से सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अल-मसीरा समाचार एजेंसी के मुताबिक, यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता याह्या सरीअ ने बताया कि तीनों सैन्य अभियान सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए।
याह्या सरीअ के अनुसार, पहला हमला दक्षिणी सऊदी अरब के जिजान क्षेत्र के उत्तर में स्थित अल-कहमा प्रायद्वीप में एक रडार ठिकाने पर किया गया। इस ठिकाने को ड्रोन से निशाना बनाया गया और ड्रोन सीधे अपने लक्ष्य पर लगा।
उन्होंने कहा कि दूसरे अभियान में नजरान स्थित आकिफा सैन्य छावनी को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया गया। उनके मुताबिक, मिसाइल ने सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य को भेदा।
यमन के सैन्य प्रवक्ता ने तीसरे हमले के बारे में बताया कि जिजान में सीमा सुरक्षा बलों के कमांड और कंट्रोल भवन को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि इस हमले में सऊदी सेना के कई सैनिक और अधिकारी हताहत हुए हैं।
आपकी टिप्पणी