4 नवंबर 2026 - 20:00
फाइनेंशियल टाइम्स का दावा, ट्रंप सरकार पर कसेगा शिकंजा, जांच की बड़ी लहर आने की संभावना

इसके अलावा, रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति के बेटों से जुड़ी कंपनियों को भी संघीय सरकार की ओर से काफी समर्थन मिला है।

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार को आने वाले समय में कांग्रेस की ओर से बड़े पैमाने पर जांच का सामना करना पड़ सकता है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत और कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल करने के बाद ट्रंप प्रशासन के फैसलों और उनके परिवार के कारोबारी हितों की जांच की जा सकती है।

फाइनेंशियल टाइम्स ने कहा कि अमेरिका की बड़ी कंपनियां कांग्रेस की संभावित जांचों के लिए तैयारी कर रही हैं। डेमोक्रेटिक सांसद यह जांच करना चाहते हैं कि क्या ट्रंप प्रशासन ने कुछ कंपनियों को विशेष फायदे पहुंचाए और क्या राष्ट्रपति के परिवार ने इससे आर्थिक लाभ उठाया।

रिपोर्ट के अनुसार, यदि डेमोक्रेटिक पार्टी कांग्रेस और सीनेट पर नियंत्रण हासिल करती है, तो ट्रंप सरकार के लिए एक बार फिर राजनीतिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कई बड़ी कंपनियों के अधिकारियों ने ट्रंप की आर्थिक नीतियों का समर्थन किया है, लेकिन विदेश नीति और व्यापार से जुड़े उनके फैसलों की आलोचना भी की है।

कानूनी फर्म हॉलैंड एंड नाइट में कांग्रेस की जांच टीम के एक अधिकारी क्रिस्टोफर आर्मस्ट्रांग ने कहा कि अगली कांग्रेस का मुख्य ध्यान जांच और सरकारी कामकाज की निगरानी पर रहेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनियों के वकीलों ने डेमोक्रेटिक सांसदों की संभावित जांच के तीन प्रमुख मुद्दों की पहचान की है।

1. ट्रंप सरकार के पहले दो वर्षों में व्हाइट हाउस के अधिकारियों और राष्ट्रपति के परिवार के सदस्यों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच।

2. सरकार की ओर से कुछ कंपनियों को विशेष लाभ पहुंचाने के मामलों की पड़ताल।

3. महंगाई, आम लोगों के जीवन-यापन के खर्च और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर सरकार के फैसलों की जांच।

रिपोर्ट में बताया गया है कि भ्रष्टाचार का मुद्दा अमेरिकी चुनावी अभियानों में प्रमुख मुद्दा बन चुका है।

सरकारी दस्तावेजों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में दावा किया गया है कि डोनाल्ड ट्रंप ने 2025 में दोबारा व्हाइट हाउस लौटने के बाद व्यक्तिगत रूप से 2.2 अरब डॉलर से अधिक की कमाई की है।

इसके अलावा, रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति के बेटों से जुड़ी कंपनियों को भी संघीय सरकार की ओर से काफी समर्थन मिला है।

फाइनेंशियल टाइम्स का कहना है कि इन मामलों को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी की संभावित जांच से ट्रंप प्रशासन पर राजनीतिक और कानूनी दबाव बढ़ सकता है।

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
टिप्पणीसंकेत
captcha