13 जनवरी 2019 - 16:56
अदन रिफ़ाइनरी में आग भड़काने का ज़िम्मेदार सऊदी गठबंधन हैः अलहूसी

यमन की सर्वोच्च क्रांति कमेटी के प्रमुख ने अदन की रिफ़ाइनरी में आग भड़काने का ज़िम्मेदार सऊदी गठबंधन को क़रार दिया है।

इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, यमन की सर्वोच्च क्रांति कमेटी के प्रमुख मुहम्मद अली अलहूसी ने कहा है कि यमन की सशस्त्र सेना और अंसारुल्लाह के जवान, हमलावरों से मुक़ाबले और यमन में शांति और स्थिरता की स्थापना के लिए प्रयास कर रहे हैं।

यमन की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता यहिया सरीअ ने भी कहा है कि देश की सशस्त्र सेना और वायु सेना तथा स्वयं सेवी बल के जवानों ने पिछले 24 घंटे के दौरान कोई कार्यवाही नहीं की।

यमन के स्थानीय सूत्रों ने शुक्रवार को बताया था कि अदन की रिफ़ाइनरी का एक भंडार भीषण धमाके के कारण आग की लपेट में आ गया।

अदन की बंदरगाह पर यमन के त्यागपत्र दे चुके राष्ट्रपति मंसूर हादी के समर्थकों और सऊदी गठबंधन के एजेन्टों का क़ब्ज़ा है।

ग़ौरतलब है कि सऊदी अरब ने अपने कई सहयोगी देशों के साथ मिलकर 26 मार्च 2015 में यमन के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ दिया था, जो चार वर्ष बीत जाने के बाद भी जारी है।

सऊदी अरब ने घोषणा की थी कि यमन के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने का उद्देश्य सनआ से भाग कर रियाज़ में शरण लेने वाले पूर्व यमनी राष्ट्रपति मंसूर हादी को फिर से सत्ता में पहुंचाना और हौसी आंदलोन को सत्ता से हटाना है।