11 दिसंबर 2018 - 16:17
स्वेडन वार्ता में यमनी पक्षों के बीच आरंभिक सहमति का ईरान की ओर से स्वागत

ईरान के विदेश मंत्री ने स्वेडन मे जारी शांति वार्ता में यमनी पक्षों के बीच आरंभिक सहमति का स्वागत करते हुए कहा है कि यमन पर सऊदी गठजोड़ के अतिक्रमण की समाप्ति का समय आ गया है।

मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा हैः स्वीडन की राजधानी स्टाकहोम में संयुक्त राष्ट्र संघ की देख-रेख में यमनी पक्षों के बीच जारी वार्ता में आरंभिक सहमति का ईरान स्वागत करता है और यमनी जनता की सभी समस्याओं की समाप्ति के लिए अंतिम सहमति तक पहुंचने के लिए वार्ता जारी रहने का समर्थन करना है। उन्होंने बल देकर कहा है कि विदेशी अतिक्रमणकारियों को यमन पर अपने हवाई हमलों और इस देश में मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों को बंद करना चाहिए।

 

स्वीडन में जारी शांति वार्ता में अंसारुल्लाह के दल के प्रमुख मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने बताया है कि दोनों पक्षों के युद्ध बंदियों की रिहाई का मामला हल हो गया है। दोनों पक्षों के बंदियों के आदान-प्रदान में दो महीने का समय लगेगा। यमनी पक्षों के बीच शांति वार्ता का ताज़ा चरण छः दिसम्बर से स्टाकहोम में शुरू हुई है।