अमरीकी प्रतिनिधि सभा के सांसद एडम शेफ़ ने कहा है कि प्रतिनिधि सभा की इंटेलीजेन्स मामलों की कमेटी सऊदी अरब और विशेष रूप से सऊदी क्राउन प्रिंस से राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के संबंधों की जांच का इरादा रखती है।
इंटैलीजेन्स मामलों की कमेटी की अध्यक्षता के उम्मीदवार शेफ़ ने कहा कि ट्रम्प ने सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के मामले में जो बयान दिए हैं उनकी वजह से उनसे पूछताछ हो सकती है क्योंकि इन बयानों में कई भ्रांतियां हैं और सऊदी अरब के साथ अमरीका के संबंधों पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के साथ ट्रम्प के वित्तीय संबंधों की जांच की जाएगी इसलिए कि इन संबंधों की ख़ाशुक़जी हत्या मामले में ट्रम्प की प्रतिक्रिया में भूमिका हो सकती है।
डेमोक्रेट सांसद ने कहा कि कांग्रेस में यह विचार पाया जाता है कि ट्रम्प जान बूझ कर सीआईए द्वारा पेश किए गए जांच नतीजों में भ्रांति पैदा करना चाहते हैं।
डेमोक्रेट सेनेटर जैक रीड ने भी कहा कि सीआईए की रिपोर्ट के बारे में ट्रम्प ने खुला झूठ बोला है कि इस रिपोर्ट से यह साबित नहीं होता कि ख़ाशुक़जी की हत्या में मुहम्मद बिन सलमान का हाथ है।
रीड ने कहा कि सीआईए द्वारा एकत्रित की गई जानकारियों और जांच निष्कर्ष के बारे में ट्रम्प ने झूठ बोला।