22 नवंबर 2018 - 16:35
ईरान ने इराक़ से दीनार के बजाए यूरो में गैस का पेमंट करने के लिए कहा

ईरान ने इराक़ से दीनार के बजाए यूरो में गैस का पेमंट करने की मांग की है।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के पेट्रोलियम सचिव अमीर हुसैन ज़मानीनिया ने इराक़ के ईरान को गैस का भुगतान दीनार में करने की संभावना को ख़ारिज करते हुए कहा है कि इराक़ ईरान से आयातित गैस का भुगतान यूरो में करे।

इस्ना के अनुसार, पेट्रोलियम सचिव अमीर हुसैन ज़मानीनिया ने कहाः " ईरान राष्ट्रीय गैस कंपनी, इराक़ को गैस के निर्यात का दीनार में भुगतान के लिए तय्यार नहीं होगी, क्योंकि समझौते में यूरो में भुगतान की बात हुयी है।"

उनका यह बयान बग़दाद में ईरानी राजदूत ईरज मस्जेदी के उस बयान की प्रतिक्रिया में आया है जिसमें ईरज मस्जेदी ने समाचार एजेंसी फ़ार्स से बातचीत में कहा कि तेहरान-बग़दाद आपसी लेन-देन में अमरीकी डॉलर के बजाए इराक़ी दीनार के इस्तेमाल पर विचार कर रहे हैं।

ईरान इराक़ को प्राकृतिक गैस बड़ी मात्रा में निर्यात करता है जिसे वह बिजली के उत्पादन में इस्तेमाल करता है। इराक़ के दक्षिणी शहर बसरा में इस साल के गर्मी के महीने में हिंसक प्रदर्शन उस समय फूट पड़ा जब ईरान की ओर से बिजली का निर्यात आंशिक रूप से रुक गया था।

पिछले जून में ईरान की ओर से इराक़ को 70 लाख घन मीटर गैस की आपूर्ति प्रतिदिन शुरु हुयी, जिसे समझौते के अनुसार, बढ़कर 3 करोड़ 50 लाख घन मीटर प्रतिदिन तक पहुंचना है।