लाल सागर में भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नाव पर हमले की खबर सामने आई है। यमन सेना के मुताबिक, जुकार द्वीप के पास 14 भारतीयों को लेकर जा रही नाव को सऊदी अरब की ओर से निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
सीजीटीएन यूरोप की रिपोर्ट के अनुसार, यमन सेना ने दावा किया है कि नाव पर सवार सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और बचाव अभियान से जुड़ी अन्य जानकारियां बाद में साझा करने की बात कही गई है।
यमन सेना ने इस घटना के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है। उसका कहना है कि लाल सागर में इस तरह की कार्रवाई से समुद्र में अंतरराष्ट्रीय आवाजाही की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। यमन सेना ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मामले में हस्तक्षेप करने और ऐसी कार्रवाइयों को रोकने की अपील भी की है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब सऊदी अरब के दमाम एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे।
इसके अलावा, शायबाह तेल क्षेत्र के पास भी भारतीय नागरिकों के घायल होने की खबर सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद भारत ने सऊदी अरब के नागरिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है।
फिलहाल, लाल सागर में नाव पर हुए हमले को लेकर अधिक जानकारी का इंतजार है।
आपकी टिप्पणी