वाशिग्टन पोस्ट के अनुसार सीआईए का यह मानना है कि मुहम्मद बिन सलमान ने ही जमाल खाशुक़जी की हत्या का आदेश दिया था। सीआईए के अनुसार बहुत से स्रोतों के माध्यम से यह बात सिद्ध होती है कि सऊदी क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान ने ही पत्रकार खाशुक़जी की हत्या का आदेश दिया था।
सीआईए ने वाशिग्टन में सऊदी अरब के राजदूत और जमाल खाशुक़जी के बीच होने वाली उस वार्ता को सुना है जिसमें वाशिग्टन में सऊदी राजदूत ख़ालिद बिन सलमान ने खाशुक़जी से कहा था कि वे अपनी ज़रूरत के डाक्यूमेंटस प्राप्त करने के लिए इस्तांबूल में स्थिति सऊदी काउन्सलेट जाएं जहां उनको किसी भी प्रकार का कोई ख़तरा नहीं है। सीआईए की रिपोर्ट के अनुसार खाशुक़जी की हत्या के दिन सऊदी अरब के एक सुरक्षा अधिकारी माहिर मुतरिब ने सऊदी राजदरबार के अधिकार सऊद अलक़हतानी को फोन करके बताया था कि "काम हो चुका है"।
दूसरी ओर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सलाहकार ने वाशिग्टन पोस्ट को बताया कि ट्रम्प ने निजी बैठकों में इस ओर संकेत किया है कि जमाल खाशुक़जी की हत्या, सऊदी अरब के युवराज मुहम्मद बिन सलमान के आदेश पर की गई है।
उल्लेखनीय है कि 2 अक्तूबर को सऊदी पत्रकार जमाल खाशुक़जी, कुछ डाक्यूमेंट्स लेने के लिए तुर्की के इस्तांबूल नगर में स्थित सऊदी काउन्सलेट में गए थे जिसके बाद से उनका कुछ पता नहीं था। बाद में 20 अक्तूबर को सऊदी अरब ने आधिकारिक रूप में यह बात स्वीकार की थी कि खाशुक़जी की काउन्सलेट में मौत हो गई थी। हांलाकि खाशुक़जी की हत्या के संबन्ध में अभी बहुत सी एेसी बाते हैं जो स्पष्ट होना बाक़ी हैं।