12 नवंबर 2018 - 12:27
ग़ज़्ज़ा में इस्राईल का बड़ा हमला कैसे विफल हो गया? कौन था मारा गया इस्राईली कमांडर?

रविवार की रात ग़ज़्ज़ा में ज़ायोनी शासन द्वारा किए गए बड़े हमले की विफलता के संबंध में विभिन्न रिपोर्टें सामने आ रही हैं।

ज़ायोनी सूत्रों ने बताया है कि इस हमले में मारा जाने वाला इस्राईली सैन्य अधिकारी, ज़ायोनी सेना में एक उच्च पद पर आसीन था। इस्राईल टीवी के चैनल 10 ने बताया है कि रविवार की रात हमास की सैन्य शाखा इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड के साथ झड़प में मारा गया इस्राईली सैन्य अधिकारी सैकंड कर्नल था और इस्राईली सेना की विशेष टुकड़ी में संवेदनशील पद पर आसीन था। इस सैन्य अधिकारी को "एम" के कोड से जाना जाता है। उक्त अधिकारी का नाम गोपनीय रखे जाने का कारण यह है कि तेल अवीव नहीं चाहता कि उसका नाम सार्वजनिक होने से ग़ज़्ज़ा अभियान का ब्योरा सार्वजनिक हो जाए।

 

इसके अलावा कुछ ज़ायोनी सूत्रों का कहना है कि रविवार की रात फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ताओं के हाथों मारा गया इस्राईली सैन्य अधिकारी सेना की विशेष कमांडो टीम का कमांडर था। ज़ायोनी सेना ने अपने औपचारिक बयान में केवल इतना स्वीकार किया है कि ख़ान यूनुस में मारा गया सैन्य अधिकारी एक कमांडो यूनिट का प्रमुख था। कुछ सैन्य सूत्रों ने उक्त सैनिक का नाम यूसी उमैर बताया है जिसकी उम्र 44 साल थी।

 

इस बीच हमास संगठन की सैन्य शाखा इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड ने एक बयान जारी करके बताया है कि रविवार की शाम ज़ायोनी सेना के कमांडोज़ की टीम असैन्य वाहनों के माध्यम से ग़ज़्ज़ा पट्टी के ख़ान यूनुस नगर के तीन किलो मीटर भीतर पहुंची। उसने वहां पहुंच कर इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड के कमांडर नूर बरका पर हमला किया और उन्हें शहीद कर दिया लेकिन इसके बाद हंगामा मच गया और फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ताओं ने इस्राईली कमांडोज़ का पीछा किया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच टकराव शुरू हो गया। उसी दौरान ज़ायोनी शासन के युद्धक विमानों ने अपने कमांडोज़ के समर्थन में ख़ान यूनुस के पूर्वी क्षेत्रों पर बमबारी की ताकि फ़िलिस्तीन संघर्षकर्ता पीछे हट जाएं। इस बमबारी के नतीजे में कई फ़िलिस्तीनी शहीद हो गए लेकिन उन्होंने इस्राईली कमांडोज़ पर हमले जारी रखे। बयान में कहा गया है कि फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ताओं ने ज़ायोनी शासन के हमले को विफल बना दिया।

 

हमास ने भी बयान जारी करके कहा है कि इस्राईल का अतिक्रमण विफल हो गया और एक वरिष्ठ ज़ायोनी कमांडर का मारा जाना, प्रतिरोध के लिए एक बड़ी विजय है। बयान में कहा गया है कि फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध पूरी तरह से अलर्ट है और सभी फ़िलिस्तीनी दल ज़ायोनी दुश्मन के ख़िलाफ़ एकजुट हैं। इस बीच ज़ायोनी शासन के युद्धमंत्री एविग्डर लिबरमैन ने इस्राईली सैन्य अधिकारी के मारे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया में इस्राईली सेना के लिए उसके योगदान की सराहना की है और कहा है कि इस्राईल की सेना ने इस घटना से पाठ लेने के लिए व्यापक स्तर पर जांच शुरू कर दी है।