30 अगस्त 2018 - 14:11
ईदे ग़दीर पर पूरे ईरान में जश्न, वरिष्ठ नेता ने क़ैदियों की सज़ाएं माफ़ कीं, संसद सभापति का बधाई संदेश

ईदे ग़दीर के अवसर पर पूर ईरान जश्न मना रहा है। हिजरी क़मरी कैलेंडर के बारहवें महीने ज़िलहिज्जा की 18 तारीख़ को ईदे ग़दीर मनाई जाती है। यह मुसलमानों की बहुत बड़ी ईद है।

इस दिन पैग़म्बरे इस्लाम ने हज़रत अली अलैहिस्सलाम को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया  था।

इसी उपलक्ष्य में पवित्र नगर मशहद में पैग़म्बरे इस्लाम के पौत्र हज़रत इमाम अली रज़ा अलैहिस्सलाम के मज़ार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हुए हैं। बुधवार की रात से ही जश्न का सिलसिला जारी है।

राजधानी तेहरान में भी धार्मिक स्थलों पर और घरों में जश्न मनाया जा रहा है।

पवित्र नगर क़ुम इसी प्रकार इसफ़हान और शीराज़ सहित सभी नगरों और बस्तियों में ग़दीर का जश्न मनाया जा रहा है। गुरुवार को इसी उपलक्ष्य में ईरान में सरकारी छुट्टी है।

ईदे ग़दीर के अवसर पर इस्लामी क्रान्ति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ामेनई ने न्यायपालिका के प्रमुख के प्रस्ताव पर 615 क़ैदियों की सज़ाएं माफ़ या उसमें कमी किए जाने पर सहमति जताई।

दूसरी ओर ईरान के संसद सभापति डाक्टर लारीजानी ने दुनिया की अनेक राजनैतिक व धार्मिक हस्तियों के नाम ईदे ग़दीर के उपलक्ष्य में बधाई संदेश भेजे।

संसद सभापति ने इन संदेशों में मुस्लिम जगत के उत्थान और दुनिया भर में शांति, स्थिरता व विकास की कामना की।