16 अप्रैल 2015 - 19:23
ईरान से अधिक गुट पांच धन एक को है परमाणु समझौते की ज़रूरत

ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि गुट पांच धन एक को ईरान से अधिक परमाणु समझौते की ज़रूरत है। हसन रूहानी का कहना था कि समग्र परमाणु समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन चुकी है, लेकिन अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए अभी लम्बा रास्ता बचा है।

अबनाः ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि गुट पांच धन एक को ईरान से अधिक परमाणु समझौते की ज़रूरत है। हसन रूहानी का कहना था कि समग्र परमाणु समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन चुकी है, लेकिन अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए अभी लम्बा रास्ता बचा है।
राष्ट्रपति रूहानी ने ईरान के गीलान प्रांत की यात्रा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हमने हमेशा यह बल देकर कहा है कि परमाणु मामले में ईरान पर निराधार आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस वार्ता से हमारा महत्वपूर्ण उद्देश्य भी यही था कि दुनिया को बता दें कि यह आरोप निराधार और झूठा है। आज दुनिया इस बात को स्वीकार कर रही है कि अन्य देशों की भांति ईरानी जनता को भी शातिंपूर्ण परमाणु तकनीक से लाभ उठाने का अधिकार है। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि निश्चित रूप से परमाणु समझौता हो जाने के बाद गुट पांच धन एक समेत पूरी दुनिया से ईरान का सहयोग बढ़ेगा।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि ईरान चाहता है अंतिम समझौते तक गंभीरता से अपने मार्ग पर आगे बढ़ता रहे। आज तक जो काम हुआ है वास्तव में वह बहुत अहम था और अधिकांश मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि मैं पहले भी यह कह चुका हूं कि प्रतिबंध अब विफल हो चुके हैं, और अगर समझौता नहीं भी होगा तो प्रतिबंध लगाने वालों में एकजुटता नहीं रहेगी, हालांकि समझौता न होना किसी के भी हित में नहीं है।