11 अप्रैल 2015 - 19:28
ईरान के प्रति अमेरिका की धमकियों का सिलिसला जारी।

अमरीकी रक्षामंत्री ने यह कहते हुए ईरान को युद्ध की धमकी दी है कि ज़रूरत पड़ने पर ईरान के परमाणु प्रतिष्ठान को ध्वस्त करने के लिए बंकर ध्वस्त करने वाले बम तैयार रखे गए हैं।

अबनाः अमरीका का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर ईरान के परमाणु प्रतिष्ठान को ध्वस्त किया जा सकता है।
अमरीकी रक्षामंत्री ने यह कहते हुए ईरान को युद्ध की धमकी दी है कि ज़रूरत पड़ने पर ईरान के परमाणु प्रतिष्ठान को ध्वस्त करने के लिए बंकर ध्वस्त करने वाले बम तैयार रखे गए हैं।
एश्टन कार्टर ने सीएनएन से बातचीत में कहा, “इन बमों को उन्नत बनाने की कोशिश जारी है ताकि यह विकल्प हमारे पास मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि रक्षामंत्री के रूप में दूसरी बातों की तरह यह विश्वास दिलाना मेरा कर्तव्य है कि सैन्य विकल्प मेज़ पर मौजूद है।”
अमरीकी रक्षामंत्री ने दावा किया कि अमरीकी सेना ईरान के परमाणु कार्यक्रम को बंद कराने, उसे पीछे की ओर ले जाने तथा ध्वस्त कराने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि हर प्रकार की सहमति में सैन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण शामिल होना चाहिए।
दूसरी ओर ईरान के डिप्टी चीफ़ आफ़ स्टाफ़ ब्रिगेडियर जनरल मसऊद जज़ायरी ने अमरीकी रक्षामंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया में कहा कि संभावित परमाणु सहमति के अन्तर्गत तेहरान अपने सैन्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की इजाज़त नहीं देगा। उन्होंने शुक्रवार को बल देकर कहा कि पिछली बातचीत के दौरान ईरानी अधिकारी सैन्य एवं रक्षा से जुड़े प्रतिष्ठानों के हर प्रकार के निरीक्षण को पूरी तरह नकार चुके हैं।
ज्ञात रहे कि ईरान और गुट पांच धन एक के बीच स्वीज़रलैंड के लूसान शहर में 2 अप्रैल को अंतिम परमाणु सहमति के फ़्रेमवर्क पर सहमति हुई है।